‘हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में मिलाया जहर’, एक तिहाई दिल्ली में पीने के पानी की कमी, केजरीवाल ने किया बड़ा आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टियां लगातार एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। चुनावी राज्य में एक बार फिर पानी की सप्लाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार (27 जनवरी) को मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर पानी की सप्लाई को बाधित करने का आरोप लगाया था। साथ ही, यह भी कहा था कि फैक्ट्री का प्रदूषण यमुना में डाला जा रहा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी बीजेपी पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इसी मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। 

भाजपा सरकार ने पानी में मिलाया जहर- केजरीवाल

आप संयोजक ने कहा कि दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और यूपी से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोकने के लिए पर्याप्त सतर्कता बरती, अन्यथा दिल्ली में बड़े पैमाने पर नरसंहार हो सकता था। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। 

यह भी पढ़े –पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से पहले ही बदल गया एमपी के मौसम का मिजाज, शीतलहर के साथ जानें किन जगहों पर मौसम लेगा करवट

बीजेपी पर केजरीवाल का निशाना

केजरीवाल ने कहा कि इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। ऐसी राजनीति दो दुश्मन देश करते हैं – जैसे अमेरिका ने जापान पर परमाणु बम गिराया था। कुछ देश जैविक हथियारों का इस्तेमाल करके नदियों के पानी को जहरीला बनाते हैं। लेकिन, भाजपा सरकार ने भी यही किया है। उन्होंने दिल्ली में अराजकता पैदा करने के लिए ऐसा किया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष आप पर आए। आतिशी और भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तत्काल मिलने का समय मांगा है। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली के लोगों को ऐसी त्रासदी से बचाएगा।