
Nagpur News. विधानपरिषद की 5 सीटाें के लिए उपचुनाव में नागपुर से उम्मीदवारी को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। पूर्व महापौर संदीप जोशी को भाजपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। रविवार को भाजपा ने 3 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए उनमें जोशी के अलावा आर्वी के पूर्व विधायक दादाराव केचे व प्रदेश महामंत्री संजय केनेकर का समावेश है। संख्याबल के आधार पर यह भी तय माना जा रहा है कि यह उपचुनाव निर्विरोध होगा। संदीप जोशी 1 वर्ष के लिए विधायक होंगे। विधानपरिषद की 5 रिक्त सीटों के लिए 17 मार्च को मतदान होगा। अभी जाे सीटें रिक्त हुई हैं उनमें भाजपा 3, शिवसेना शिंदे 1 व राकांपा अजित 1 शामिल है। इस चुनाव में विधानसभा सदस्य मतदान करेंगे। संख्याबल के आधार पर महायुति अर्थात भाजपा गठबंधन के सभी उम्मीदवार निर्विरोध जीत सकते हैं। प्रवीण दटके के विधानसभा सदस्य चुने जाने से रिक्त हुई विधानपरिषद की सीट से संदीप जोशी उम्मीदवार घोषित किए गए है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से ही चर्चा थी कि दटके के स्थान पर किसे उम्मीदवारी मिलेगी। संभावित उम्मीदवारों में जोशी के अलावा नागपुर शहर व ग्रामीण से 10 से 12 नाम चर्चा में थे। यह भी सस्पेंस था कि नागपुर को उम्मीदवारी मिलेगी या नहीं। इस बीच खबर आयी कि प्रदेश भाजपा की ओर से पार्टी में केंद्रीय स्तर पर उम्मीदवारी के लिए नामों की सूची भेजी गई है, उसमें नागपुर से किसी का नाम नहीं है। लेकिन 3 नामों की सूची जारी हुई तो उसमें पहले क्रमांक पर संदीप जोशी का नाम पाया गया।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से हुए थे पराजित
संदीप जोशी के पिता दिवाकरराव जोशी विधानपरिषद सदस्य रहे हैं। दिवाकरराव जोशी विधानपरिषद में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिनिधि चुने गए थे। संदीप जोशी को 2020 में विधानपरिषद की नागपुर स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। लेकिन वे पराजित हो गए। कांग्रेस के अभिजीत वंजारी जीते थे। जोशी की पराजय को भाजपा व संघ के लिहाज से काफी निराशाजनक माना गया। विधानपरिषद की नागपुर स्नातक सीट से 25 वर्ष तक नितीन गडकरी चुनाव जीते थे। उस सीट को भाजपा के प्रभाव की सीट माना गया था। विधायक बनने की तैयारी कर चुके संदीप जोशी ने एक बार सार्वजनिक तौर पर कह दिया था कि वे मनपा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसे में जोशी के राजनीतिक पुनवर्सन का सवाल भी था। नवंबर 2024 में पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र से जोशी उम्मीदवारी के दावेदार थे। उनके समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया। लेकिन उन्हें उम्मीदवारी नहीं मिल पायी थी। महापौर, मनपा में स्थायी समिति सभापति, जलप्रदाय समिति सभापति, नागपुर सुधार प्रन्यास के विश्वस्त रहे जोशी महाराष्ट्र राज्य लघु उद्योग विकास महामंडल के अध्यक्ष भी रहे हैं। भाजपा में उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी भी संभाली है। विविध सामाजिक, क्रीडा व धार्मिक संस्थाओं से जुड़ रहे हैं।
अवसर को सार्थक करुंगा
संदीप जोशी के मुताबिक उन्हें उम्मीदवारी की अपेक्षा नहीं थी। जो अवसर मिला है उसे सार्थक करुंगा। 30 वर्ष से भाजपा कार्यकर्ता हूं। कार्यकर्ता को विधानपरिषद की उम्मीदवारी मिलना आनंद का विषय है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार मानता हूं। भविष्य में जो भी दायित्व मिलेगा उसे पूरा करुंगा।