रैली के दौरान लाडली बहन योजना से लेकर देश के बंटवारे पर पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा, महिलाओं से कहा एमवीए से सावधान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत में गर्मा-गर्मी का माहौल बढ़ता जा रहा है। सभी पार्टियां प्रचार प्रसार में लगी हुई हैं। इस बीच शुक्रवार (8 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धुले में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष गठबंधन महाअघाड़ी (एमवीए) और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने महाराष्ट्र की महिलाओं को एमवीए ने सावधान रहने को कहा। पीएम ने यह भी कहा कि अगर एमवीए की जीत होती है तो वह सबसे पहले लाडली बहन योजना पर रोक लगा देंगे। साथ ही, कांग्रेस पर देश बंटवारे का भी आरोप लगाया।

पीएम ने एमवीए को घेरा

पीएम ने कहा- भाजपा, महायुति और महायुति के एक-एक उम्मीदवार को आपका आशीर्वाद चाहिए। पिछले 2.5 सालों में महाराष्ट्र में विकास की जो गति रही है, उसे जारी रखा जाएगा। हम अगले पांच सालों में महाराष्ट्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। राज्य को जो सुशासन चाहिए, वह सिर्फ महायुति की सरकार ही दे सकती है। महाअघाड़ी की गाड़ी में वैसे भी न पहिए, ना ब्रेक है और ड्राइवर की सीट पर बैठने के लिए भी झगड़ा हो रहा है। चारों तरफ से तरह-तरह के हॉर्न सुनाई दे रहे हैं। 

एमवीए लूटती है जनता को- मोदी

मोदी ने एमवीए पर निशाना लगाते हुए कहा- हम जैसे लोग जनता को भगवान का रूप मानते हैं। जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। वहीं, कुछ लोग जनता को लूटने के लिए आए हैं। जब महाअघाड़ी जैसे लोग सरकार में आ जाते हैं तो वह विकास ठप कर देते हैं। हर योजना में भ्रष्टाचार करते हैं। आपने एमवीए सरकार के 2.5 साल देखे हैं।

‘कांग्रेस आई तो बंद कर देगी लाडली बहन योजना’

हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार जो कदम उठा रही है, वह कांग्रेस और उसके गठबंधन को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। आप जानते हैं कि महायुति सरकार की लाडली बहन योजना की सिर्फ महाराष्ट्र में ही नहीं बल्कि देश के हर कोने में चर्चा है। लेकिन कांग्रेस लाडली बहन योजना को बंद करवाने के लिए तरह-तरह की साजिशें रच रही है। कांग्रेस के इकोसिस्टम वाले लोग इस योजना के खिलाफ कोर्ट तक पहुंच गए हैं। कांग्रेस और उनके साथियों ने ठान लिया है कि अगर उन्हें सत्ता मिली तो सबसे पहले इस योजना पर रोक लगा देंगे।

‘कांग्रेस ने किया देश का बंटवारा’

मोदी ने देश के बंटवारे का इल्जाम कांग्रेस पर लगाते हुए कहा- कांग्रेस चाहती है कि देशभर की आदिवासी जातियां आपस में लड़ती रहें। कांग्रेस ने जब धर्म के नाम पर ऐसी साजिशें रची थीं तो देश का बंटवारा हो गया था।

एमवीए से रहें महिलाएं सतर्क- पीएम मोदी

पीएम ने कहा- महाराष्ट्र की हर महिला को इन अघाड़ी वालों से सावधान रहना होगा। यह लोग कभी भी नारी शक्ति को सशक्त होते नहीं देख सकते हैं। पूरा महाराष्ट्र देख रहा है कि कांग्रेस, अघाड़ी के लोग अब महिलाओं को गाली देने लगे हैं। किस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। महाराष्ट्र की कोई भी माता-बहन अघाड़ी वालों के इस चीज को माफ नहीं कर सकती।