राज्य स्तरीय वुशू मार्शल आर्ट प्रतियोगिता के लिए पन्ना टीम चयनित

Panna News: चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल पन्ना में आयोजित 8वीं जिला स्तरीय वुशू मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में आयोजित की गई। जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल क्लबों से आए खिलाडियों ने हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के अंत में चयनित खिलाडियों को 1 मई से 3 मई 2025 तक जबलपुर में होने वाली 24वीं राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में पन्ना जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। मुख्य प्रशिक्षक व सचिव इरफान खान ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाडियों का चयन मध्यप्रदेश वुशू संघ के प्रदेश सचिव मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाडियों ने कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर आयोजन को गरिमा प्रदान करने हेतु कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

जिनमें प्रमुख रूप से संरक्षक नईम खान, पहलवान सिंह, जिला वुशू संघ पन्ना अध्यक्ष महेन्द्र कुमार विश्वकर्मा, जिला जु-जित्सु संघ पन्ना अध्यक्ष लॉरेंस एटेस, शोतो काई कराते संघ पन्ना अध्यक्ष कृष्ण कुमार श्रीवास्तव पन्ना हेल्थ क्लब संचालक सैफ उल्ला एवं शमीम सिद्दकी शामिल रहे। खिलाडियों के अभिभावकों की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम में उत्साहवर्धन का कार्य किया। जिला वुशू संघ पन्ना के अध्यक्ष महेन्द्र विश्वकर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पन्ना से अनिकेत श्रीवास्तव, पीयूष विश्वकर्मा, रीना देवी लोध, मनीष विश्वकर्मा व सत्या अहिरवार का चयन किया गया है। साथ ही जिले से तीन सीनियर खिलाडी सैफ उल्ला, रीना देवी लोध और पीयूष विश्वकर्मा का चयन प्रदेश जज निर्णायक परीक्षा के लिए भी हुआ है। यह परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक ऑनलाइन आयोजित की जाएगी तथा 1 से 3 मई 2025 तक जबलपुर में लिखित परीक्षा होगी। सफल प्रतिभागी प्रदेश स्तर पर निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।