
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट के बहुप्रतिक्षित लीग यानी इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत आगामी 22 मार्च से होने वाली है। इस टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स 23 फरवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने वाली है। आईपीएल के 18वें सीजन में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी खेलते दिखाई देने वाले हैं। लेकिन इस बीच उनके संन्यास की खबरों ने एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है।
दरअसल, माही बुधवार 26 फरवरी को चेन्नई एयरपोर्ट से बाहर निकलते दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने एक काले रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। धोनी के इस टी-शर्ट पर सफेद रंग से कुछ लाइने बनी है। फैंस का ये मानना है कि इन लाइनों के जरिए धोनी कुछ मैसेज देना चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि कैप्टन कूल के टी-शर्ट पर बनी ये लाइनें मोर्स कोड की हैं। जिनका मतलब है “वन लास्ट टाइम” यानी एक आखिरी बार। फैंस का मानना है कि माही का ये आखिरी आईपीएल हो सकता है।
जानकारी के लिए बता दें, भारत को आईसीसी का सभी खिताब जीताने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, वह आईपीएल में बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी खेलते हैं। लेकिन अब ऐसा माना जा रहा है कि माही आईपीएल 2025 के बाद इसे भी अलविदा कह सकते हैं।