
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज ‘आप’ के नेता नरेंद्र मोदी के ‘राजमहल’ की बात कर रहे हैं और बीजेपी के नेता केजरीवाल के ‘शीशमहल’ की बात कर रहे हैं। सब यही बातें कर रहे हैं कि किसने कितना पैसा खाया, किसने कितना बड़ा महल बनाया। ‘आप’ और बीजेपी के लोग आपका संघर्ष नहीं समझ रहे। वे सिर्फ फूट डालकर आपका ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपको सोचना होगा कि क्या यही आपके मुद्दे हैं? आपको साफ पानी कैसे मिलेगा? आपकी सड़कें कैसे बनेंगी? आपके बच्चे शिक्षित कैसे होंगे? आपको रोजगार कैसे मिलेगा?
शीला दीक्षित के कामों का किया जिक्र
प्रियंका गांधी ने मनमोहन सिंह और शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में हुए कामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान दिल्ली में मेट्रो आई, कॉलोनियों का नियमितिकरण, पानी और सीवर के लिए सुधार की योजनाएं, बेहतरीन सड़कें और ट्रैफिक का सिस्टम बनाया, दिल्ली का सौंदरीकरण किया, पार्क बनाए, ग्रीन एरिया बढ़ाया, सीएनजी बसें चलवाईं, 70 फ्लाई ओवर बनाए, अंडर पास बनाए, सिग्नेचर ब्रिज बनाए, मॉल बनाए, बिजनेस कॉप्लेक्स बनाया, नया सचिवालय बनाया, कनॉट प्लेस का सौंदरीकरण, सरकारी आवास बनाए और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर बनाए हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा- आज शीला दीक्षित के काम का श्रेय आप और बीजेपी ले रही है। पिछले 10 साल में दिल्ली में कोई नया काम नहीं हुआ है। शीला दीक्षित ने दिल्ली में जो काम किया, वो आपके सामने है। उन्होंने बड़े-बड़े ब्रिज बनाए, हाइवे बनाए, बिजनेस को आगे बढ़ाया और मेट्रो लेकर आईं।
अर्थव्यवस्था चौपट हो रही- प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा- दिल्ली में जब शीला दीक्षित की सरकार थी, तब उन्होंने दिल्ली में बहुत काम किया। लेकिन आज दिल्ली के हालात बहुत खराब हैं। आज बच्चे सांस नहीं ले पा रहे, हवा में प्रदूषण फैल गया है, यहां सड़कें नहीं हैं, साफ पानी नहीं है, महंगाई चरम पर है और बेरोजगारी ही बेरोजगारी है, हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है। रुपया गिर रहा है, EMI महंगी हो गई है, शेयर बाजार गिर रहा है, टैक्स का बोझ बढ़ रहा है, हर सामान पर जीएसटी लगी है, जनता को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा- मेरी दादी इंदिरा गांधी जी कहती थीं- दो तरह के लोग होते हैं। पहले वो जो काम करते हैं, दूसरे वो जो बहाने बनाते हैं और दूसरों के काम का क्रेडिट लेते हैं, केजरीवाल और मोदी दूसरे तरह के लोग हैं।
जीएसटी को लेकर बीजेपी पर हमला
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार आपसे जरूरी सामानों पर जीएसटी ले रही है। टूथपेस्ट पर जीएसटी, ब्रश पर जीएसटी, चाय पर जीएसटी, ब्रेड पर जीएसटी, मक्खन पर जीएसटी, कपड़ों पर जीएसटी, पेंसिल पर जीएसटी, किताबों पर जीएसटी। वहीं पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ा दिए जाते हैं। जनता हर तरफ टैक्स से घिरी हुई है और इसके बदले उसे सिर्फ शीशमहल, राजमहल, अडानी-अंबानी दिखाए जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान एक लोकतांत्रिक देश है। हमारा संविधान सभी के लिए बना, जिसमें सभी के अधिकार समान हैं। संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी है, जिससे आप अपनी सरकार चुनते हैं। आपका वोट संविधान को मजबूत भी कर सकता है और कमजोर भी कर सकता है। इसलिए आपको बहुत सोच-समझकर अपना निर्णय लेना होगा।