
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बलूच लिब्रेशन आर्मी ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया है। बलोच आर्मी ने ट्रेन में सवार हुए सभी यात्रियों को बंधक बना लिया है। बलूच आर्मी ने सोशल मीडिया पर ट्रेन को हाईजैक करने की जानकारी दी है। ये घटना ऐसे समय की है जब जाफ र एक्सप्रेस पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
बलूच आर्मी की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट करके जानकारी दी गई है। साथ ही बलूच आर्मी ने सोशल मीडिया पर बयान दिया है कि, मश्कफ, धादर, बोलन में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। जहां उसके लड़ाकों ने रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया है। जिसके चलते जाफर एक्सप्रेस को रोकना ही पड़ा और ट्रेन को कंट्रोल में लिया गया है।
बंधकों की हत्या करने की दी धमकी
बलूच आर्मी के मुताबिक, सभी यात्रियों को बंधक बनाया गया है। आर्मी ने धमकी देते हुए कहा है कि अगर पाकिस्तानी सेना ने किसी भी तरह की सैन्य अभियान शुरू करती है तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे और सभी बंधकों को मार दिया जाएगा। जिसकी जिम्मेदार पूरी तरह से सेना ही होगी।
6 सुरक्षा कर्मियों ने खोई अपनी जान
बलूच लिबरेशन आर्मी की तरफ से कहा गया है कि, ये ऑपरेशन मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड की तरफ से संयुक्त रूप से संचालित किया गया है। किसी भी सैन्य घुसपैठ का समान रूप से करारा जवाब दिया जाएगा। अब तक करीब 6 सैन्यकर्मियों ने अपनी जान खोई है और कई सारे यात्री बंधक बने हुए हैं। बलूच आर्मी ही इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी ले रही है।