
Satna News: सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत सराफा कारोबारियों को नकली गोल्ड देकर सोने के असली आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने सगे भाइयों को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों में जगदीश प्रसाद गौतम पिता तेजबीर प्रसाद 50 वर्ष निवासी सरायदाऊ थाना बलदेव जिला मथुरा यूपी, हाल निवास रिपब्लिक क्रॉसिंग स्काटेज नं.122 भूड भारत नगर सोसायटी 903 गाजियाबाद और संदीप उर्फ संजू गौतम पिता तेजबीर प्रसाद 35 वर्ष निवासी सरायदाऊ थाना बलदेव मथुरा यूपी, हाल निवास सी 25 डी रजत बिहार नोएडा सेक्टर 62 गौतम बुद्ध नगर नोएडा के नाम शामिल हैं। दोनों आरोपी पहले यहां चांदी के आभूषण लेकर आते थे।
इस मामले में एक महिला जबलपुर जेल में बंद है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
ये है घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक फरियादी आशीष जैन पिता सुभाषचन्द्र जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मार्च को उनके शॉप में एक महिला और दो पुरुष आभूषण खरीदने आए थे। तीनों ने 1.70 लाख रुपए कीमत की गोल्ड की चेन खरीदी थी। इसके बदले में 30 ग्राम वजनी गारंटी के सोने के गहने दिए थे। गलाने के बाद उक्त गहने नकली निकले थे। इतना ही नहीं उक्त आरोपियों ने शहर के 5 सराफा कारोबारियों से लगभग साढ़े 7 लाख की असली सोने की ज्वेलरी ली थी।
सभी को ज्वेलरी के बदले सोने की परत चढ़ी सस्ती धातु के गहने टिका गए थे। इस वारदात के बाद सतना पुलिस ने कटनी और जबलपुर पुलिस से संपर्क किया था। आरोपियों ने जबलपुर में भी इसी प्रकार की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद जबलपुर क्राइम ब्रांच पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया था।