
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में गर्मी से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। दिल्ली में मंगलवार को थोड़ी राहत महसूस हुई थी लेकिन फिर से गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। वहीं, 24 से 26 तक दिल्ली में लू चलने का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। बता दें, हीट एक्शन प्लान जारी होने के बाद से ये पहला लू का अलर्ट है। लू का अलर्ट जारी होने के साथ-साथ तापमान में भी भारी बढ़ोतरी के साथ 43 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा।
कैसा रहेगा देश का तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 5 बार से भी ज्यादा बार 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, तीन दिन से लू का भी प्रकोप देखने को मिल रहा है। बात करें अधिकतम तापमान की तो दिल्ली में 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ है। वहीं, बिहार में 40 डिग्री सेल्सियस, यूपी में 23 डिग्री सेल्सियस, गुजरात में 41 डिग्री सेल्सियस, एमपी में 41 डिग्री सेल्सियस, महाराष्ट्र में 36 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 44 डिग्री सेल्सियस के अलावा और भी अधिकांश जगहों का तापमान 40 डिग्री या 40 डिग्री के पार ही दर्ज किया गया है।
राजस्थान में मौसम रह सकता है शुष्क
मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जाहिर किया है। प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में ही दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उत्तराखंड में तीखी धूप
मौसम विभाग की तरफ से आज उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तीखी धूप खिलने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना
आंध्र प्रदेश के कई सारे हिस्सों में मंगलवार से आने वाले तीन दिनों तक गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से जानकारी दी दी गई है और बताया गया है कि उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश (एनसीएपी), यनम, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश (एससीएपी) और रायलसीमा की कई सारी जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
यूपी में लोगों का गर्मी से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। लोगों का घरों से बाहर निकलना काफी ज्यादा मुश्किल हो गया है। इस समय दिन हो या रात किसी भी समय गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। वहीं बात करें तापमान की तो प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है।