‘देश में शोक के बीच न्यू ईयर सेलिब्रेट करने वियतनाम जा रहे राहुल गांधी…’, BJP ने कांग्रेस नेता पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री पंचत्तव में विलीन हो चुके हैं, लेकिन उन्हें लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस क्रम में भाजपा ने सोमवार को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि एक ओर जहां देश पूर्व पीएम के निधन को लेकर गमगीन है। तो वहीं दूसरी ओर नए साल का जश्न मनाने के लिए राहुल गांधी वियतनाम जा रहे हैं।

शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर साधा निशाना 

न्यूज एजेंसी एएनआई से भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बातचीत में कहा, “पूरा देश प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है और राहुल गांधी नए साल की पार्टी मनाने के लिए विदेश चले गए हैं, जबकि पूरे देश में सात दिनों का शोक है। कांग्रेस को डॉ. मनमोहन सिंह की कोई परवाह ही नहीं है। उन्होंने उनके जिंदा रहते हुए उनका अपमान किया और उन्हें गाली दी और वे अभी भी ऐसा कर रहे हैं। कल कोई भी उनकी अस्थियां लेने नहीं गया। कांग्रेस ने डॉ. मनमोहन सिंह को भारत रत्न देने से भी इनकार कर दिया। यह उनका असली चेहरा है।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने विपक्ष के नेता का मतलब ही बदल दिया है। अब वो विपक्ष के नेता से बदलकर पर्यटन नेता और पार्टी के नेता हो गए हैं। ऐसे समय में जब देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक में है, राहुल गांधी पर्यटन और पार्टी के लिए निकल पड़े हैं। राहुल गांधी और ‘पर्यटन’ कोई नई बात नहीं है। जब मुंबई में 26/11 का हमला हुआ था उस वक्त भी वह पूरी रात पार्टी कर रहे थे। उन्हें डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की कोई चिंता नहीं है।”

अमित मालवीय ने कही ये बात 

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी पर हमला किया। उन्होंने राहुल गांधी के वियतनाम यात्रा पर सवाल उठाए है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट में लिखा, “जब पूरा देश प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने के लिए वियतनाम गए हुए हैं। राहुल गांधी ने अपनी सुविधा के मुताबिक राजनीति के लिए पूर्व पीएम की मौत का राजनीतिकरण किया और उसका फायदा उठाया। गांधी और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। ये भी कभी न भूलें कि इंदिरा गांधी ने दरबार साहिब का अपमान किया था।”