तालाब में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गहाराई में जाने से हुआ हादसा

Gondia News : तहसील के अरततोंड़ी/दाभना में दो चचेरे भाइयों की गांव समीप स्थित तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना 2 फरवरी को दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच प्रकाश में आई। मृतकों में अरततोंड़ी निवासी रितिक रूपराम पातोड़े (13) एवं दुर्गेश धनंजय पातोड़े (13) का समावेश है। मिली जानकारी के मुताबिक तहसील के अरततोंड़ी/दाभना निवासी रितिक पातोड़े व दुर्गेश पातोड़े दोनों चचेरे भाई थे। गांव की जिला परिषद स्कूल के कक्षा 7वीं में अध्ययनरत थे। रविवार को अवकाश का दिन होने से वे खेलने में मग्न थे। उसके बाद दोनों ही भाई पिंपलगांव-अरततोंड़ी मार्ग पर स्थित तालाब में सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच गाय के बछड़ों को नहलाने के लिए गए थे। तालाब में पानी अधिक होने से वे डूबने लगे। जिससे दोनों की ही मृत्यु हो गई। घटना दोपहर 3 से 4 बजे के बीच प्रकाश में आई तो गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तालाब परिसर में ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गये।

होनहार विद्यार्थी थे दोनों

दोनों ही शव देखते ही माता-पिता, रितेश्दार सहित ग्रामीण अपने आंसू नहीं रोक पाए। दोनों ही बच्चे अपने माता-पिता को इकलौते होने से पातोड़े परिवार को बड़ा आघात पहुंचा है। दोनों ही मृतक बच्चे स्कूल में काफी होनहार भी थे। 26 जनवरी को शाला में उनका सत्कार भी किया गया था। दोनों बच्चों की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर छा गई है। घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी मोरगांव के पुलिस निरीक्षक कमलेश सोनटक्के अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के शवों को शव विच्छेदन के लिए अर्जुनी मोरगांव के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। अर्जुनी मोरगांव पुलिस मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।