ठाणे और छत्रपति संभाजीनगर में स्थापित होगा सीबीआई का विशेष न्यायालय

Mumbai News. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दाखिल मामलों के जल्द निपटारे के लिए मुंबई और नागपुर के एक-एक विशेष न्यायालय को ठाणे और छत्रपति संभाजीनगर में स्थानांतरित किया जाएगा। बुधवार को राज्य के विधि व न्याय विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसके मुताबिक मुंबई के नगर सत्र न्यायालय में स्थित विशेष सीबीआई अदालतों में से एक कोर्ट नंबर 47 को ठाणे जिला सत्र न्यायालय में स्थानांतरित किया जाएगा। जबकि नागपुर के विशेष न्यायालय-3 को छत्रपति संभाजीनगर के जिला सत्र न्यायालय में स्थानांतरित करने को मंजूरी दी गई है।

मुंबई और नागपुर कोर्ट के प्रत्येक 5 नियमित पदों और एक वाहन चालक को क्रमशः ठाणे और छत्रपति संभाजीनगर में स्थानांतरित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि सीबीआई की ओर से दाखिल मामलों में जल्द सुनवाई के लिए मुंबई, नागपुर, पुणे और अमरावती में विशेष न्यायालय की स्थापना की गई है। लेकिन सीबीआई के पत्र के अनुसार होईकोर्ट ने सरकार से सीबीआई अदालतों का कार्यक्षेत्र बढ़ाने का आग्रह किया था। इसके मद्देनजर ठाणे और छत्रपति संभाजीनगर विभाग में प्रलंबित मामलों के निपटारे के लिए मुंबई और नागपुर के एक-एक विशेष न्यायालय को वहां पर स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है।