छठ व्रत के आखिरी दिन इस विधि से पारण, जानिए सही समय

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देशभर में छठ महापर्व (Chhath Puja) धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह पर्व चार दिनों तक चलता है और इसकी शुरुआत पहले दिन नहाय खाय की परंपरा के साथ होती है। इसमें खास तौर पर सूर्य देव और षष्ठी माता की पूजा की जाती है। इस वर्ष छठ पर्व की शुरुआत 05 नवंबर से हुई और कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि यानि कि गुरुवार को छठ पूजा की गई। वहीं इस व्रत का पारण 08 नवंबर, शुक्रवार को किया जाएगा। ऐसे में आइए जानते हैं पारण की विधि, सही समय और नियम…

इस विधि से करें छठ व्रत का पारण

– छठ व्रत पारण के दिन सूर्योदय से पहले स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें।

– इसके बाद सूर्योदय से पहले ही पारण के लिए प्रसाद तैयार कर लें।

– प्रसाद में ठेकुआ, मिठाई, फल, दूध आदि चीजों को शामिल करें।

– इसके बाद छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की उपासना करें और उगते सूर्य को अर्घ्य दें।

– इस दिन घाट पूजा जरूर करें, इसका बड़ा महत्व है।

– इसके बाद छठी माता को अर्पित किया गया प्रसाद सभी को विररित करें।

– इस दिन आपको बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद जरूर लेना चाहिए।

– ध्यान रहे पारण वाले दिन आपको मसालेदार भोजन नहीं करना है।

– आप पूजा में चढ़ाए प्रसाद जैसे कि ठेकुआ, मिठाई आदि से व्रत खोल सकती हैं।

– इसके अलावा आप चाय पीकर भी व्रत का पारण कर सकती हैं।

छठ व्रत के पारण का सही समय

इस महापर्व की मुख्य पूजा 07 नवंबर, गुरुवार को है। वहीं पारण अगले दिन यानि​ कि शुक्रवार की सुबह किया जाएगा। इस दिन सूर्योदय 6 बजकर 38 मिनट पर होगा। सूर्योदय के बाद व्रत का पारण किया जा सकता है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।