गडचिरोली जिले में मतदान बढ़ा, लेकिन जीत का अंतर हुआ कम

Gadchiroli News विधानसभा चुनाव में जिले में 75.26 प्रतिशत मतदान हुआ। गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र में 74.92 प्रतिशत, अहेरी विस क्षेत्र में 73.89 प्रतिशत तो आरमोरी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 76.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बढ़े मतदान के प्रतिशत के कारण चुनावी मैदान में होनेवाले प्रत्याशियों के वोट बढ़े हैं। लेकिन जीत के बीच के अंतर में गत चुनाव की तुलना में गिरावट देखी गई। गड़चिरोली जिला दुर्गम, अविकसित, आदिवासी बहुल, पिछड़ा जिले की पहचान रखता है। लेकिन इस जिले का अधिकतर मतदाता अशिक्षित होने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया में उनका सहभाग उल्लेखनीय बना है। मतदाताओं के व्यापक सहभाग के कारण ही जिले में मतदान का अधिकतम प्रतिशत प्राप्त करना संभव हुआ।

जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 4 लाख 12 हजार 151 पुरुष, 4 लाख 9 हजार 294 महिला तथा 10 तृतीयपंथी सहित कुल 8 लाख 21 हजार 455 मतदाता थे। इनमें से 3 लाख 14 हजार 935 पुरुष, 3 लाख 3 हजार 294 महिला व 5 तृतीयपंथी सहित कुल 6 लाख 18 हजार 236 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिले में 75.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2019 व 2024 के बीच के दोनों विस चुनाव की तुलना करने पर, प्रत्याशियों के मतदान में व्यापक वृद्धि दिखाई दी। लेकिन इस बीच उनके बहुमत के अंतर में व्यापक गिरावट नजर आयी। वर्ष 2019 में विजयी हुए अहेरी विधानसभा क्षेत्र के राकांपा के प्रत्याशी धर्मरावबाबा आत्राम को 60 हजार 13 वोट मिले थे। तब वे 15 हजार 458 वोटे के अंतर से विजयी हुए थे। इस दौरान उन्हें 54 हजार 206 वोट मिले। लेकिन उनका बहुमत बढ़ा और वे 16 हजार 814 वोट से विजयी हुए।

गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक डा.देवराव होली को 2019 में 97 हजार 913 वोट मिले थे। तब वे 35 हजार 341 वोटों के अंतर से विजयी हुए थे। लेकिन इस वर्ष के चुनाव में जीत दर्ज कराने वाले भाजपा के प्रत्याशी डा.मिलिंद नरोटे को 1 लाख 16 हजार 540 वोट मिले तथा वे 15 हजार 505 वोटों के अंतर से विजयी हुए जिससे उनका बहुमत घटा दिखाई दिया। आरमोरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक कृष्णा गजबे को वर्ष 2019 में 75 हजार 77 वोट मिले थे। उस समय वे 21 हजार 667 वोटों से विजयी हुए थे। इस चुनाव में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के प्रत्याशी रामदास मसराम ने 98 हजार 509 वोट लेते हुए 6 हजार 210 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में मतदान में वृध्दी हुई। लेकिन बहुमत में गिरावट नजर आयी।