कल अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच भेजेगा अमेरिका, अमृतसर में लैंड करेगा दूसरा विमान, क्या दोबारा हथकड़ी-बेड़ियां…

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच कल शनिवार की रात 10 बजे पंजाब के अमृतसर पहुंचेगा। भारत सरकार के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक विमान में 119 अवैध अप्रवासी अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत आएंगे। इसके बाद 16 फरवरी को अवैध अप्रवासियों को लेकर तीसरी फ्लाइट आएगी, जो कि रात करीब 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर ही लैंड होगी।

किस राज्य के कितने लोग

अमेरिका से डिपोर्ट होने वाले 119 अवैध अप्रवासियों में पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 शामिल हैं। वहीं बाकी के 19 गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से होंगे। विमान शनिवार रात 10 बजकर 5 मिनट पर पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंड होगा। अमेरिका से आने वाले इन स्पेशल फ्लाइट्स के लिए स्थानीय प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने प्रबंध करना शुरू कर दिया है। इसे लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से इसकी लिखित सूचना नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दे दी गई है।

इससे पहले 5 फरवरी को अमेरिकी विमान सी17 104 भारतीय कैदियों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा था। विमान से उतरे सभी अवैध अप्रवासी भारतीयों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डालकर लाया गया था। क्या इस बार भी पिछली बार की तरह ही भारतीयों डिपोर्ट किया जाएगा, क्या उन्हें फिर से हथकड़ी-बेड़ियां पहनाकर भेजा जाएगा? इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

बता दें कि 104 कैदियों में से 79 पुरुष और 25 महिलाएं थी। इनमें से पंजाब से 30, हरियाणा और गुजरात से 33-33, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से 3-3 और चंडीगढ़ के दो लोग शामिल थे।