कड़कड़ाती ठंड का दौर जारी, एक ओर दिल्ली में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट तो हिमाचल प्रदेश में कोहरे का येलो अलर्ट, जानें देश में मौसम का हाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में भीषण ठंड और शीतलहर का दौर जारी है। एक तरफ देश की राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है तो वहीं, हिमाचल प्रदेश में कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मध्य प्रदेश के मौसम की बात करें तो यहां कड़कड़ाती ठंड का सिलसिला जारी है। आने वाले कुछ दिनों में एमपी में और भी ज्यादा ठंड बढ़ने वाली है। वहीं, बिहार में गुरुवार (9 जनवरी) को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

दिल्ली में अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों ने लगातार शीतलहर देखने को मिल रही थी। लेकिन बुधवार (8 जनवरी) को धूप निकली तो लोगों को जरा राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने आज फिर राज्य में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। गुरुवार (9 जनवरी) सुबह से ही यहां कोहरे की परत छाई हुई है। आज प्रदेश का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में कोहरे का कहर

हिमाचल प्रदेश के मौसम की बात करें तो यहां मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इनमें बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी जैसे अन्य जिले शामिल हैं। बता दें, उत्तर-पश्चिम भारत में शनिवार और रविवार को बारिश की संभावना जताई जा रही है। 

यह भी पढ़े –एमपी में आ रही उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं, लोगों में बढ़ रही है ठिठुरन, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर के मौसम का हाल

एमपी का मौसम जानें

मध्य प्रदेश में भीषण ठंड पड़ रही है। वहीं, पचमढ़ी सबसे ज्यादा ठंडा रहा। आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखी जाएगी जिससे ठंड और भी ज्यादा बढ़ेगी। 

बिहार में शीतलहर

बिहार में बुधवार (8 जनवरी) को पूरे दिन शीतलहर देखने को मिली। मौसम विभाग का कहना है कि तीन से चार दिन राज्य के तापमान में भारी अंतर दर्ज नहीं किया जाएगा। राजधानी पटना मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्य के उत्तरी इलाके में हल्की-फुल्की बारिश हुई। बता दें, बिहार का आज अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

यह भी पढ़े –कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले हफ्ते से फिर हो सकती है बारिश, जानें कैसा रहने वाला है देश का मौसम