
Jabalpur News: शहर के अलग-अलग चार हिस्सों में वायु की गुणवत्ता पर असर होने लगा है। सर्दी की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव होते ही धूल कण, बाजारों में बड़ी सख्या में वाहनों के उड़ते धुएँ के साथ यह प्रभाव सामने आने लगा है। अभी तक जो एयर क्वालिटी एकदम बेहतर स्थिति में थी उसमें धीरे-धीरे परिवर्तन होता दिख रहा है।
सिविल लाइन एरिया में एक सप्ताह पहले एक्यूआई 160 के करीब था। अभी रामपुर, मढ़ाताल और अधारताल एरिया में यह 120 के करीब है। इस तरह इसमें दीपावली के करीब आते ही तेजी से बदलाव होने लगा है।
पॉल्यूशन कन्ट्रोल बोर्ड के रीजनल अधिकारी आलोक जैन कहते हैं कि दीपावली के समय एक्यूआई ऊपर जाता है। फेस्टिवल सीजन के अलावा इसमें सर्दियाँ खत्म होने के बाद इसमें गिरावट आती है। वैसे इसको लेकर विभाग लगातार माॅनिटरिंग कर रहा है। गौर तलब है कि त्योहारों के सीजन में औसत से ज्यादा वाहन सड़कों पर हैं और लगातार जाम होते ट्रैफिक के बीच धूल के साथ, वाहन प्रदूषण भी बढ़ा है, इससे वायु की गुणवत्ता पर आगे और असर होगा।
कोहरा और धुँध की संभावना
इधर मौसम में अब सुबह के वक्त कोहरा, धुँध की संभावना ज्यादा बन रही है। सुबह तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंडी हवा भी सक्रिय है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।
न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। शहर के आसपास अभी उत्तर पूर्व की हवा सक्रिय है। अगले 24 घंटों में संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।