एकनाथ शिंदे की बिगड़ी तबीयत पर विपक्ष का हमला, अस्पताल में एडमिट होने पर कहा – जबरन ढोंग कर रहे CM

Bhaskar Jabalpur
Bhaskar Jabalpur

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में सीएम फेस पर सस्पेंस के बीच राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का स्वास्थ्य बिगड़ गया है। मुंबई के ज्यूपिटर अस्पताल में उन्हें एडमिट कराया गया है। इस दौरान जब मीडिया ने शिंदे से उनकी सेहत के बारे में सवाल पूछा। इसके जवाब में शिंदे ने कहा ‘बढ़िया है’। इस बीच राज्य में सीएम और डिप्टी सीएम को लेकर इंतजार बढ़ता ही जा रहा है।

WBC की कमी की वजह से एडिमट हुए शिंदे

जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे शरीर में व्हाइट ब्ल्ड सेल्स की कमी के चलते एडमिट हुए हैं। डॉक्टर्स ने उन्हें फुल बॉडी टेस्ट कराने को कहा है। हालांकि, शुरुआती जांच में उनके डेंगू और मलेरिया टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके बाद आगे की जांच के लिए शिंदे जुपिटर अस्पताल में एडमिट हुए हैं।

बता दें, महाराष्ट्र में 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद एकनाथ शिंदे का स्वास्थ्य खराब हो गया था। इसके बाद शिंदे अपने गांव सतारा चले गए थे। इस बीच विपक्ष एकनाथ शिंदे पर जमकर हमलावर है। विपक्ष का कहना है कि सीएम न चुने जाने पर एकनाथ शिंदे अपनी नाराजगी को छुपाने के लिए तबीयत खराब होने का ढ़ोंग कर रहे हैं।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां तेज

महाराष्ट्र में 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। इस सिलसिले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को कार्यक्रम के संबंध में बैठक की थी।