एक संघीय जज ने ट्रंप सरकार को दिया बड़ा झटका, ट्रांसजेंडर्स के सैन्य सेवाओं में शामिल होने पर लगी रोक हटाई

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक बड़ा झटका लगा है। एक संघीय जज ने ट्रंप के उस फैसले को पलट दिया है, जिसमें ट्रंप प्रशासन ने  सैन्य सेवाओं में ट्रांसजेंडर्स के शामिल होने पर रोक लगा दी थी। अब कोर्ट ने ट्रंप के आदेश पर रोक लगाकर उन्हें तगड़ा झटका दिया है। वॉशिंगटन डीसी की संघीय जज एना रेज ने अपने आदेश में कहा कि ट्रांसजेंडर्स को सेना में शामिल होने से रोकना, उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।

 आपको बता दें डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के तुरंत बाद 27 जनवरी को एक कार्यकारी आदेश पर साइन किए थे। इस आदेश में ट्रंप ने ट्रांसजेंडर्स लोगों के सेना में भर्ती होने पर रोक लगाई थी।  इसी के खिलाफ सेना में सेवा दे रहे 6 ट्रांसजेंडर्स और सेना में शामिल होने के इच्छुक दो ट्रांसजेंडर्स ने न्यायालय में याचिका दायर की थी। अमेरिका के एक संघीय जज ने ट्रंप प्रशासन को झटका देते हुए सरकार के उस कार्यकारी आदेश पर रोक लगा दी है, जिसके तहत ट्रांसजेंडर्स के सैन्य सेवाओं में शामिल होने पर रोक लगा दी गई थी।

जज ने पाबंदी को अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन के तहत ट्रांसजेंडर्स को मिले अधिकारों का उल्लंघन बताया। हालांकि ट्रंप प्रशासन जेंडर डिस्फोरिया के तहत उन पर रोक लगाना चाहता है।  आपको बता दें अमेरिकी सेना में हजारों की संख्या में ट्रांसजेंडर्स अपनी सेवाएं दे रहे हैं, हालांकि उनकी संख्या कुल सैनिकों की संख्या का एक फीसदी से भी कम है।