इंदौर में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, बीजेपी कार्यकर्ता पर हमले का आरोप, थाने के बाहर जुटे पार्टी कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में रविवार को बड़ा बवाल हुआ। इंदौर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर बीजेपी कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने का आरोप है। गिरफ्तार करने बाद पुलिस चौकसे को एमवाय अस्पताल लाई जहां उनका मेडिकल चेकअप हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक चौकसे के वार्ड में शनिवार की रात पानी के टैंकर को लेकर बच्चों में विवाद हो गया था, जिसमें बड़े भी शामिल हो गए थे। जिसके बाद बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी। इसी मामले में चौकसे को गिरफ्तार किया गया था।

बीजेपी कार्यकर्ता ने कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे समेत 9 लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चौकसे के गिरफ्तार करने की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर जमा हो गए और सरकार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की।

पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा मामले में कमिश्नर संतोष सिंह से बात करने उनके दफ्तर पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुरजीत चड्ढा, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अश्विन जोशी और शोभा ओझा भी थे। वहीं अपनी गिरफ्तारी के अस्पताल मेडिकल चैकअप के लिए पहुंचे चिंटू चौकसे ने कहा, यह अंधेर नगरी चौपट राजा है। मैं उस जगह मौजूद ही नहीं था। जो घटना मामूली थी, उसे आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) में बदल दिया गया है। यह जंगलराज नहीं तो और क्या है? यह भाजपा की सरकार है।

वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने मामले को लेकर कहा, शनिवार रात कपिल पाठक और चिंटू चौकसे के बच्चों के बीच विवाद हुआ। ये थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के बीच झगड़े में बदल गया। इसी मामले में देर रात कपिल पाठक की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने चौकसे द्वारा खुद पर फावड़े और लोहे की रॉड से प्राणघातक हमले करने का आरोप लगाया। कपिल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हुई है। दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने अब तक केस नहीं कराया है।

वहीं, एडिनशल कमिश्नर ने बताया कि घटना रात 10.30 बजे की है। विवाद टैंकर को हटाने को लेकर हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश है। पहले भी इनके बीच झगड़े हो चुके हैं।