AAP ने एक और कैंडिडेट का किया ऐलान, नजफगढ़ सीट से इस दलबदलू नेता के खिलाफ लगाया दांव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव का आगाज होने वाला है। इसके लिए राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने एक ओर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप ने नजफगढ़ सीट से तरुण यादव को कैंडिडेट बनाया है। बता दें, पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान इस सीट से आप के टिकट पर विधायक कैलाश गहलोत ने जीत दर्ज की थी। वर्तमान में कैलाश गहलोत भाजपा के नेता हैं।

नजफगढ़ सीट से तरुण यादव को टिकट

तरुण यादव की बात करें तो उन्होंने कुछ समय पहले ही आप आदमी पार्टी का दामन थामा है। जबकि, हाल ही में कैलाश गहलोत ने आप छोड़ भाजपा ज्वाइन की है। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि नजफगढ़ सीट से आप से तरुण यादव और कैलाश गहलोत के बीच भिड़त हो सकती हैं । फिलहाल, भाजपा ने नजफगढ़ सीट से किसी कैंडिडेट का ऐलान नहीं किया है।

आप जारी कर चुकी हैं दो लिस्ट

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी कैंडिडेट्स की दो लिस्ट जारी कर चुकी है। इन दोनों लिस्ट में पार्टी ने 31 कैंडिडेट्स को मौका दिया है। आप ने पहली लिस्ट में 11 कैंडिडेट्स और दूसरी लिस्ट में 20 कैंडिडेट्स का ऐलान किया है। इनमें से नई दिल्ली की पटपड़गंज से अवध ओझा को मैदान में उतारा है। जबकि, जंगपुरा सीट से पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को टिकट सौंपा है।

आम आदमी पार्टी ने नवंबर में अपनी पहली लिस्ट में जिन 11 कैंडिडेट्स की घोषणा की थी। उनमें छतरपुर से ब्रह्म सिंह तंवर, लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी, किराड़ी से अनिल झा, विश्वास नगर से दीपक सिंघला, रोहतास नगर से सरिता सिंह ,बदरपुर से राम सिंह, सीलमपुर से जुबैर चौधरी , सीमापुरी से वीर सिंह धींगान, घोंडा से गौरव शर्मा, करावल नगर से मनोज त्यागी, मटियाला से सोमेश शौकीन को टिकट सौंपा है।