
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार (26 दिसंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस वरिष्ठ नेता अजय माकन के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है। AAP ने कहा कि अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो इंडिया से उसे हटाने के लिए चर्चा की जाएगी।
आप के इस तरह के बयान के बाद टीएमसी चीफ और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता के लिए यह खुशखबरी साबित हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि टीएमसी ने इंडिया की कमान बनर्जी को सौंपने की मांग की थी। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को इंडिया से हटाने की मांग करके पश्चिम बंगाल सीएम के लिए दरवाजा खोल दिया है।
सिंह ने की कार्रवाई की मांग
आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को देश विरोधी कहा है, कांग्रेस पार्टी को उनके खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करनी चाहिए। अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी तो आप इंडिया गठबंधन के नेताओं से मांग करेगी कि कांग्रेस को इस गठबंधन से हटाया जाए।
अजय माकन के किस बयान के बाद गर्माई सियासत?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने दिल्ली के पूर्व सीएम के खिलाफ कहा था, “अरविंद केजरीवाल को समर्थन देना और गठबंधन करना एक गलती थी एक भूल थी। उनकी कोई विचारधारा नहीं है, केजरीवाल राष्ट्र विरोधी हैं।”
दिल्ली विधानसभा में आप-कांग्रेस का गठबंधन नहीं
दिल्ली में अगले साल 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। लेकिन कांग्रेस और आप के गठबंधन को लेकर बात नहीं बनी। पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने खुद इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि आप अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेगी। आपको बता दें कि, लोकसभा चुनाव 2024 में आप और कांग्रेस दोनों ही इंडिया का हिस्सा थे। दोनों दलों ने गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा में साथ मिल कर चुनाव लड़ा था। लेकिन पंजाब में आप और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़े।