
डिजिटल डेस्क भोपाल। हिन्दू धर्म में खरमास (Kharmas) को अशुभ दिनों में गिना जाता है और इसलिए इसकी शुरुआत के साथ ही शुभ कार्यों पर रोक लग जाती है। यह रोक एक माह के लिए होती है और इस अवधि में गृह प्रवेश, मुंडन, सगाई या विवाह जैसे कार्य वर्जित माने जाते हैं। हालांकि, आप खरमास में धार्मिक कार्य कर सकते हैं। इनमें पूजा पाठ, मंत्र आदि पर कोई प्रभाव नहीं रहता। इस महीने को मलमास के नाम से भी जाना जाता है।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, जब सूर्य मीन या धनु राशि में गोचर करते हैं तो इस राशि परिवर्तन के कारण खरमास शुरू हो जाता है। इस मास में ग्रहों और नक्षत्रों की धरती से दूरी होती है। साथ ही सूर्य की चाल धीमी होती है, ऐसे में किसी भी शुभ कार्य को करना अनुचित माना जाता है। इस बार खरमास की शुरुआत 15 दिसंबर, रविवार रात से हो चुकी है और इसका समापन 14 जनवरी को होगा। आइए जानते हैं इस मास में क्या करें और क्या ना करें?
खरमास में क्या करना चाहिए?
– इस महीने में दान पुण्य करना आपको शुभ फल प्रदान करता है। साथ ही इससे आपकी मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं।
– इस महीने में आप सूर्य देवता को अर्ध्य जरूर दें, इसके साथ सूर्यदेव के मंत्रों का जाप करें। ऐसा करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है।
– खरमास में पीपल के पेड़ की आराधना करना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पेड़ पर देवताओं का वास होता है जो आपको शुभ फल प्रदान करते हैं।
– इस महीने में श्रीहरि यानि कि भगवान विष्णु की आराधना करना चाहिए।
– खरमास में तुलसी पर जल अर्पित करें और शाम के समय दीपक प्रज्वलित करें।
खरमास में क्या नहीं करना चाहिए?
– इस महीने में किसी भी तरह के शुभ कार्यों को करने की मना ही होती है।
– खरमास में आप किसी भी तरह के कारोबार की शुरुआत ना करें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है।
– यदि आप नया घर खरीदने का विचार कर रहे हैं तो इस महीने में ना खरीदें।
– खरमास में जनेऊ, गृह प्रवेश, लग्न, मुंडन और अन्य मंगल कार्य भी नहीं किए जाने चाहिए।
– इस महीने में आप पूजा पाठ और मंत्र जाप कर सकते हैं, लेकिन कोई धार्मिक अनुष्ठान ना करें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।