ध्रुवीकरण से महायुति को मिली जीत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आकलन

Nagpur News : हाल ही में सपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति को अप्रत्याशित जीत मिली है। इसे लेकर विपक्ष ईवीएम घोटाले का आरोप लगा रहा है जबकि राज्य के नए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महायुति की जीत का श्रेय हिंदुत्व को दिया है। उन्होंने कहा कि जवाबी ध्रुवीकरण से ‘महायुति’ गठबंधन को बड़ी जीत हासिल करने में मदद मिली। गुरुवार को तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले फडणवीस एक चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि हिंदुत्व और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व जीवन जीने का एक तरीका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी का इस्लामी विद्वान सज्जाद नोमानी जैसे लोगों के साथ एक समझौता था, जिसमें 2012 से मुसलमानों के खिलाफ दर्ज दंगों के मामलों को वापस लेने पर सहमति हुई थी। चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘बटेंगे तो कटेंगे’ का नारा दिया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘एक हैं, तो सेफ हैं’ का नारा दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान, फडणवीस ने नोमानी द्वारा महायुति सरकार के खिलाफ ‘वोट-जिहाद’ की कथित अपील किए जाने का जवाब ‘वोटों के धर्म-युद्ध’ की वकालत करके दिया था।

हिंदुओं को दबाने की कोशिश हुई, इस लिए बढ़ा मत प्रतिशतः फडणवीस ने कहा कि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई, क्योंकि कांग्रेस ने हिंदुओं को दबाने की कोशिश की। जब आप किसी को दबाने की कोशिश करते हैं, तो वे मजबूती से उठते हैं। हिंदुत्व ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जवाबी ध्रुवीकरण ने ‘महायुति’ गठबंधन की मदद की। हमारी विकास योजनाओं और हिंदुत्व ने काम किया। हिंदुत्व और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

नई सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार पर फडणवीस ने कहा कि यह 16 दिसंबर से पहले हो जाना चाहिए। उन्होने कहा कि तीन दल हैं और उनमें से प्रत्येक को उचित सम्मान दिया जाएगा। विभाग आवंटन पर चर्चा जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सभी राजनीतिक नेताओं के साथ संवाद स्थापित करने की कोशिश करूंगा, जो 2019 से बंद है।

एकनाथ शिंदे नाराज नहीः एकनाथ शिंदे की नाराजगी को लेकर मीडिया में आ रही खबरों को गलत बताते हुए फडणवीस ने कहा कि वे नाराज नहीं थे। जब मैंने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि मैंने कहा कि मैं भी उपमुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था पर पार्टी का निर्देश था तो बना। क्योंकि सरकार चलाने के लिए मतबूत व्यक्ति की जरुरत होती है। इसके बाद उन्होंने कहा कि आप मुख्यमंत्री थे तो मैं मंत्री था। इस लिए आप के साथ काम करने में मुझे कोई परेशानी नहीं है।

स्थानीय निकाय चुनावः स्थानीय निकाय चुनाव में गठबंधन को लेकर फडणवीस ने कहा कि हमारी कोशिश होगी की महायुति मिलकर यह चुनाव लड़े पर जिला पंचायत व महानगरपालिका के चुनावों में सारे दल स्थानीय ईकाई को गठबंधन का अधिकार देते हैं। जहां तक संभव होगा वहां गठबंधन किया जाएगा। नहीं तो फ्रेंडली फाईट का विकल्प रहता ही है।