मैच की शेड्यूल में हुआ बदलाव, रात के बजाय अब दिन में खेले जाएंगे मुकाबले

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आठवां संस्करण भारत में खेला जाने वाला है। इस मेगा इवेंट की मेजबानी बिहार का ऐतिहासिक शहर राजगीर कर रहा है। टूर्नामेंट में भारत समेत कुल 6 देशों ने भाग लिया है।इसकी शुरुआत कल यानी 11 नवंबर से होगी। लेकिन इससे पहले टूर्नामेंट को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों के मुताबिक आगाज से पहले टूर्नामेंट के शेड्यूल में बदलाव किए गए हैं। बता दें, अब सारे मुकाबले रात के बजाय दिन में खेले जाएंगे। पहले यह मुकाबले रात को खेले जाने थे। लेकिन अब पहला मैच दोपहर 12.45 बजे, दूसरा 2.30 बजे और तीसरा 4.45 बजे खेला जाएगा।

टूर्नामेंट की शुरुआत होने से पहले अनचाहे मेहमानों ने ग्राउंड पर हमला बोल दिया है, जिसकी वजह से टाईमिंग को बदला गया। दरअसल, 11 नवंबर से शुरु होने वाले इस मेगा इवेंट के आयोजन स्थ्ल यानी राजगीर का नवनिर्मित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटि में फ्लडलाइट में कीट-पतंगो के झुंड से दर्शकों और खिलाड़ियों को परेशानी होने की संभावनाओं को मद्देनजर रखते हुए मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया। 

कीट-पतंगों के हमलों से बचने के लिए दिन में किया जाएगा आयोजन

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिकों ने इस विषय पर बात करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा है। उन्होंने बदलाव को लेकर कहा कि टीमों ने रात में खेल का आयोजन करने पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी जिसके आधार पर मैनेजमेंट ने सारे मैचों को दिन में कराने का निर्णय लिया। दरअसल, इस वक्त धान की खेती की जा रही है और राजगीर का स्टेडियम चारों ओर से धान के खेतों से घिरा हुआ है। इसके अलावा इस मौसम में कीट-पतंगो की भी संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है। ऐसे में वह सभी फल्डलाइट से आकर्षित होकर खेल में दिक्कत पैदा कर सकते हैं जिसे लेकर यह फैलसा किया गया ताकि किसी को भी मैच के दौरान कोई भी परेशानी का सामना ना करना पड़े।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन

आपको बता दें, राजगीर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इस टूर्नामेंट का शुभआरंभ शाम 4.15 बजे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। इसके बाद टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारत और मलेशिया के बीच खेला जाएगा। इस मेगा इवेंट को और भी ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए हॉकी इंडिया ने कई विषेश तैयारियां की हैं। खबरों के मुताबिक, खेल परिसर को बेहद सुंदर ढंग से सजया गया है। इसके अलावा उद्घाटन के दिन आतिशबाजी भी की जाएगी।