121 उम्मीदवारों के साथ प्रमुख गठबंधनों को चुनौती देगी परिवर्तन महाशक्ति

Nagpur News : राज्य में तीसरी आघाडी के तौर पर सत्ता का पर्याय बनने का दावा करते हुए परिवर्तन महाशक्ति ने विधानसभा चुनाव के लिए 121 उम्मीदवार तय किए है। और भी उम्मीदवारों को समर्थन दिया जा सकता है। विदर्भ में 20 से 21 उम्मीदवार रहेंगे। परिवर्तन महाशक्ति का मुख्य फोकस जनता से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। सोमवार को नागपुर में परिवर्तन महाशक्ति के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। उसके बाद पत्रकार वार्ता में प्रमुख नेताओं ने इस नए गठबंधन की रणनीति के विषय पर जानकारी साझा की। प्रमुख नेताओं में राजू शेट्‌टी स्वाभिमान शेतकरी संगठन, बच्चू कड़ू जनशक्ति प्रहार संगठन, संभाजी छत्रपति स्वराज्य पार्टी, वामनराव चटप शामिल है। बताया गया कि परिवर्तन महाशक्ति में 9 राजनीतिक दल है। 40 अन्य संगठनों का समर्थन मिला है।

सत्ता पर 200-225 घरानों का प्रभाव

राजू शेट्‌टी ने कहा-राज्य की सत्ता पर 200 से 225 घरानों का प्रभाव रहा है। इन घरानों के आसपास ही सत्ता रहती है। महाशक्ति की ओर से इस बार जनता के बीच से अच्छी छवि के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे गए हैं। महायुति व महाविकास आघाडी को जनसमस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राज्य की राजनीति का स्तर घट रहा है।

नैतिक परिवर्तन

वामनराव चटप ने कहा-राज्य में आवश्यक परिवर्तन के लिए महाशक्ति बनायी गई है। यह गठबंधन नैतिक आधार पर परिवर्तन का काम करेगा। पहले दो गठबंधनों को जनता ने साथ दिया अब महाशक्ति को साथ दें।

हम हैं इसलिए मुद्दे रहेंगे

बच्चू कड़ू ने कहा-चुनाव में हम रहेंगे, इसलिए मुद्दे रहेंगे। अन्यथा धर्म के नाम पर चुनाव लड़े जा रहे है। महाशक्ति ने राज्य में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव तैयारी की है। महायुति व महाविकास आघाडी में बाहर से नेता कार्यकर्ता लाए जा रहे हैं। अशोक चव्हाण भाजपा में हैं लेकिन उनके कार्यकर्ताओं का गुट कांग्रेस में है। ऐसी ही कई स्थितियों को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि सत्ता के लिए कैसे पालाबदल होगा।

परिवर्तन होगा

संभाजी छत्रपति ने कहा-सत्ता में परिवर्तन होगा। शिवाजी महाराज ने कम संसाधन व सेना के भरोसे विरोधियों को पराजित किया था। इस चुनाव में जनता की परिवर्तन का कार्य कर रही है।