
Ayodhya News : अजीत कुमार. अयोध्या में इस वर्ष जनवरी में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि ही है। राम नगरी में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 25 लाख दीपक जलाने का एक नया कीर्तिमान बनने जा रहा है। इस समय अयोध्या रंग-बिरंगी रोशनी से नहा गई है।
दीपोत्सव पर दिखेगा अद्भुत नजारा
अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि इस साल राम की पैड़ी पर 25 लाख दीपक एक साथ जलाए जाएंगे, जो एक नया कीर्तिमान होगा। पिछले साल यहां 22.31 लाख दीए जलाए गए थे। इस साल यहां 1,100 लोग सामूहिक आरती करेंगे। दीपोत्सव पर अद्भुत नजारा दिखेगा। यहां पहली बार ड्रोन शो का भी आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि इस साल नेपाल, मलेशिया, इंडोनेशिया सहित लगभग आधा दर्जन देशों की मंडलियां अयोध्या में रामलीला का मंचन कर रही हैं।

उप्र के एक-तिहाई पर्यटक पहुंचे अयोध्या
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 की पहली छहमाही में 11 करोड़ से अधिक तीर्थयात्रियों और पर्यटकों ने राम लला के दर्शन किए। इसके साथ ही अयोध्या उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित करने वाला केंद्र बन गया है। पिछले छह महीने के दौरान उत्तरप्रदेश में कुल 33 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ। इनमें से एक तिहाई अकेले रामनगरी पहुंचे।

वाराणसी में पधारे 4.61 करोड़
विशेष बात यह कि पर्यटकों को लुभाने में अयोध्या ने वाराणसी को भी पीछे छोड़ दिया है। इस साल की पहली छमाही में वाराणसी में केवल 4.61 करोड़ पर्यटक पहुंचे हैं। स्पष्ट है कि अयोध्या में मंदिर निर्माण और दीपोत्सव जैसे आयोजनों ने पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाई है। आंकड़े बताते हैं कि 4.53 करोड़ आगंतुकों के साथ प्रयागराज तीसरे नंबर पर तो 3.07 करोड़ के साथ मथुरा प्रदेश में चौथे नंबर पर है। इस दौरान ताज नगरी आगरा में महज 69.8 लाख पर्यटक ही पहुंचे।