
Jabalpur News: नगर निगम सदन में सोमवार शाम लेमागार्डन के आवासों की समस्या को लेकर हंगामा इतना बढ़ा कि विपक्ष ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद संशोधन के साथ नगर निगम का 1800 करोड़ रुपए का बजट पारित कर दिया गया। निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि पार्षदों को तीन दिन तक अपनी बात रखने का भरपूर मौका दिया गया, विपक्ष के बहिष्कार के बाद सर्वसम्मति से बजट पास कर दिया गया।
वहीं विपक्ष ने बहुमत से बजट पास करने की बात कही है। इसके विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने सदन के बाहर प्रदर्शन किया। सदन में पहलगाम घटना में मृत लोगों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
तानाशाही से दबा रहे जनता की आवाज-
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, शगुफ्ता उसमानी गुड्डू नबी और अयोध्या तिवारी ने आरोप लगाया है कि नगर सत्ता ने बहुमत की आड़ में बजट को पास कराया है। तानाशाही से जनता की आवाज दबाई जा रही है। पार्षद शफीक हीरा को लेमागार्डन के आवासों की समस्याओं को नहीं उठाने दिया गया और बहुमत से बजट पास करा लिया गया। विपक्ष अब समानांतर सदन लगाकर अपनी बात जनता तक पहुंचाएगा।
बैठक का बहिष्कार सदन और जनता का अपमान-
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि कांग्रेस ने बजट बैठक का बहिष्कार कर सदन और जनता का अपमान किया है। बैठक में सभी पार्षदों को बोलने का भरपूर अवसर देने के बाद भी विपक्ष ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। महापौर ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का 1800 करोड़ रुपए का बजट शहर को विकसित बनाएगा। अगले ढाई वर्षों में शहर में 3000 करोड़ के काम कराए जाएंगे। पिछले ढाई वर्षों में शहर में 1200 करोड़ रुपए के काम कराए जा चुके हैं।
स्कूल-कॉलेज के आसपास से चाय-पान के टपरे हटाए जाएं-
पार्षद कमलेश अग्रवाल ने कहा कि स्कूल-कॉलेज के आसपास से चाय-पान के टपरे हटाए जाएं। शहर में डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाए। भाजपा पार्षद अविनाश चमकेल एवं रेणु कोरी ने बजट का समर्थन किया।
कुलीहिल टैंक का जल्द हो पुनर्निर्माण-
पार्षद अरुणा संजय साहू ने कहा कि कांचघर में कुलीहिल टैंक जर्जर हो गया है। पार्षद सत्येन्द्र चौबे, अनुपम जैन और राकेश शुक्ला ने भी अपनी बात रखी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री के काम गिनाए, तो विपक्ष ने उठाए सवाल-
मंत्री प्रतिनिधि अभय सिंह ठाकुर ने कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने शहर को 3200 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी है। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और पार्षद अयोध्या तिवारी ने कहा कि कई फ्लाईओवर कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत किए गए थे।