
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुरुवार को पूरे देश में पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। इधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला में कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मार्च में शामिल हुए। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “कांग्रेस पार्टी देश की एकता पर हमला करने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सरकार के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी ने देश की एकता के लिए 2 प्रधानमंत्रियों का बलिदान दिया। कांग्रेस पार्टी देश के सर्वोत्तम हित में सरकार के हर फैसले का समर्थन करेगी।”
राहुल गांधी दिल्ली में कैंडल मार्च में हुए शामिल
इधर, राजधानी दिल्ली में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में पार्टी की ओर से आयोजित कैंडल मार्च में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, “आज कांग्रेस पार्टी पूरे देश में कैंडल मार्च और शोक सभाएं कर रही है। पूरे देश में आक्रोश है कि पहलगाम में घटी घटना बहुत दुखद और निंदनीय है। पूरा देश दुखी है। कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उन परिवारों के साथ खड़ी है जिन्होंने अपने परिजनों को इस हादसे में खोया है।”
जम्मू कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कांग्रेस ने दिल्ली में कैंडल मार्च निकाला है। कांग्रेस का कैंडल मार्च 24 अकबर रोड से 30 जनवरी मार्ग तक निकाला गया है। कैंडल मार्च में राहुल गांधी समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने कैंडल मार्च के चलते 25 और 26 अप्रैल को होने वाली अपनी संविधान बचाओ रैलियों को स्थगित कर दिया। ये रैलियां 27 अप्रैल को फिर से शुरु होंगी।
कांग्रेस ने शुक्रवार को पहलगाम हमले के विरोध में कैंडल मार्च की शुरुआत कांग्रेस मुख्यालय से की। कांग्रेस के अतिरिक्त हैदराबाद में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी हैदराबाद में कैंडल मार्च निकाला। आपको बता दें कैंडल मार्च से पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने श्रीनगर का दौरा किया और पहलगाम हमले में घायल लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेस नेता ने कहा कि आतंकी कितनी भी कोशिश कर लें, हम उन्हें हरा देंगे।