
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जा रहे मुकाबले में एलएसजी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव देखने को मिला। दरअसल, टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल डेब्यू का मौका दिया। अपने डेब्यू मैच में बल्लेबाजी करने उतरे वैभव ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
दरअसल, वैभव आईपीएल में डेब्यू करने वाले इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। बता दें, राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा था। मुकाबले में वैभव राजस्थान की पारी की शुरुआत करने आए थे। इस दौरान उन्होंने अपने डेब्यू मैच की पहली गेंद पर छक्का जड़ करियर की शुरुआत की। उन्होंने ये कारनामा पहले ओवर की चौथी गेंद पर किया। इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शार्दुल ठाकुर गेंदबाजी कर रहे थे। शार्दुल की गेंद पर वैभव ने एक्स्ट्रा कवर्स की दिशा में 80 मीटर का छक्का जड़ दिया।
आईपीएल में छक्के के साथ अपने डेब्यू पारी की शुरुआत करने वाले वैभव दुनिया के सबसे छोटे खिलाड़ी हैं। साथ ही वह ऐसा करने वाले टूर्नामेंट के इतिहास के 10वें खिलाड़ी भी बन गए हैं।
आईपीएल डेब्यू में छक्के के साथ पारी की शुरुआत करने वाले खिलाड़ी
रोब क्विनी (राजस्थान रॉयल्स)
केवोन कूपर (राजस्थान रॉयल्स)
आंद्रे रसेल (कोलकाता नाइट राइडर्स)
कार्लोस ब्रैथवेट (दिल्ली डेयरडेविल्स [अब दिल्ली कैपिटल्स])
अनिकेत चौधरी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
जेवोन सियरल्स (कोलकाता नाइट राइडर्स)
सिद्धेश लाड (मुंबई इंडियंस)
महेश थीक्षाना (चेन्नई सुपर किंग्स)
समीर रिज़वी (चेन्नई सुपर किंग्स)
वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)
कैसा है मैच का हाल?
मैच की बात करें तो, लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेटों के नुकसान पर 180 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इस दौरान टीम के लिए सलामी बल्लेबाज ऐडेन मार्कराम ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली। इनके अलावा आयुष बडोनी ने भी टीम के लिए 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।