
Mumbai News. प्रदेश सरकार की ओर से साल 2024 का राज कपूर जीवन गौरव पुरस्कार प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर को दिया जाएगा। जबकि अभिनेत्री काजोल देवगन को राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। गुरुवार को मंत्रालय में राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने यह घोषणा की। शेलार ने बताया कि अनुपम को पुरस्कार के रूप में 10 लाख रुपए नकद और काजोल को 6 लाख रुपए नकद के अलावा स्मृति चिन्ह, मानपत्र दिया जाएगा। शेलार ने बताया कि साल 2024 का वी शांताराम जीवन गौरव पुरस्कार से नामचीन अभिनेता, निदेशक व निर्माता महेश मांजरेकर सम्मानित किए जाएंगे। उन्हें पुरस्कार के रूप में 10 लाख रुपए नकद, स्मृतिचिन्ह, मानपत्र व चांदी का पदक दिया जाएगा। जबकि वी शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार प्रसिद्ध अभिनेत्री मुक्ता बर्वे को प्रदान किया जाएगा।
इस पुरस्कार का स्वरूप 6 लाख रुपए नकद, स्मृतिचिन्ह, मानपत्र व चांदी का पदक होगा। शेलार ने बताया कि साल 2025 का गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार मराठी के वरिष्ठ गजल गायक भीमराव पांचाले को प्रदान किया जाएगा। उन्हें पुरस्कार के रूप में 10 लाख रुपए नकद, मानचिन्ह, मानपत्र व शाल दिया जाएगा। शेलार ने बताया कि इन सभी पुरस्कारों का वितरण 25 अप्रैल को वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में वितरित किया जाएगा। इस बीच शेलार ने बताया कि संविधान अमृत महोत्सव और भारतरत्न डॉ.बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 20 अप्रैल को शाम 6.30 बजे गेटवे ऑफ इंडिया में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।