
Shahdol News: खालसा साजना दिवस बैसाखी पर्व रविवार को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा घरौला मोहल्ला में मनाया गया। बैसाखी पर्व के अवसर पर विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए। इस अवसर पर पंजाब के मारकंडे से आए मनराज सिंह ने साथियों के साथ कीर्तन दीवान सजाया।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में 11 अप्रैल को श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की आरंभता हो चुकी थी। रोजाना सुबह एवं शाम विशेष कीर्तन दीवान गुरुद्वारे में सजाए जा रहे थे और उसके उपरांत लंगर भी बरताया जा रहा था।
13 अप्रैल को श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति सुबह 8.30 बजे हुई। सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक गुरु घर के हजूरी रागी ज्ञानी धर्म सिंह ने कीर्तन दीवान सजाया। सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 तक पंजाब से आए ज्ञानी मनराज सिंह अपने साथियों के साथ कीर्तन दीवान सजाया।
इसके उपरांत गुरु घर के हजूरी रागी ज्ञानी धर्म सिंह ने दोपहर 1 बजे तक कीर्तन दीवान सजाया। अरदास के उपरांत लंगर की सेवा हुई। जिसमें सर्व धर्म समाज के लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।