साल 2023 के बजट सत्र की तुलना में दो दिन कम चला सदन, नहीं बढ़ पाई बजट सत्र की अवधि

Bhaskar Jabalpur
Bhaskar Jabalpur

Mumbai News. प्रदेश की नई महायुति सरकार के पहले विधानमंडल के बजट अधिवेशन में 16 दिनों तक सदन चला। 3 से 26 मार्च के बीच आयोजित इस बजट सत्र में विधानसभा में कुल 146 घंटे कामकाज हुआ। जबकि विधान परिषद में 115 घंटे 36 मिनट सदन की कार्यवाही हुई। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली नई सरकार में भी बजट सत्र के कामकाज के दिन की अवधि नहीं बढ़ पाई है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार के समय साल 2023 में बजट सत्र 18 दिनों तक चला था। यानी साल 2025 में साल 2023 के बजट अधिवेशन दो दिन कम चला है। वहीं साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने के कारण राज्य सरकार ने अंतरिम बजट पेश किया था। अंतरिम बजट सत्र में केवल 5 दिनों तक कामकाज हुआ था। प्रदेश में पिछले आठ सालों के आंकड़ों के मुताबिक साल 2018 में सबसे अधिक 22 दिनों तक सदन चला था। लेकिन इसके बाद के वर्षों में बजट सत्र की अवधि लगातार कम होती जा रही है। बजट के अलावा मानसून और शीतकालीन अधिवेशन में भी कामकाज के दिन कम होते हैं। इसको लेकर प्रदेश के पूर्व मंत्री तथा भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने एक साक्षात्कार में कहा है कि पहले बजट सत्र छह सप्ताह, मानसून सत्र चार सप्ताह और नागपुर का शीतकालीन सत्र तीन सप्ताह का होता था। लेकिन साल 2000 के बाद कांग्रेस-राकांपा (अविभाजित) की आघाड़ी सरकार ने धीरे-धीरे अधिवेशन की अवधि को कम करना शुरू किया। उद्धव ठाकरे की महाविकास आघाड़ी सरकार में अधिवेशन कुछ घंटे के लिए होता था। मुनगंटीवार ने कहा कि साल भर में आयोजित होने वाले विधानमंडल के तीनों सत्रों को मिलाकर 75 से 90 दिनों तक सदन चलनी चाहिए। मैंने इस बारे में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से बात भी की है। लेकिन मुझे विश्वास है कि भविष्य में अधिवेशन के कामकाज की अवधि बढ़ेगी।

विधायकों के सम्मेलन में जताई गई थी चिंता

साल 2023 के जून में आयोजित राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में सदन की बैठकों के कम दिन को लेकर लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने चिंता जताई थी। मुंबई के बीकेसी में हुए तीन दिवसीय सम्मेलन में सदन के कामकाज की अवधि बढ़ाने समेत संसदीय प्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी।

बजट सत्र की अवधि

वर्ष               कामकाज का दिन

साल 2025 – 16

साल 2024 – 05

साल 2023 – 18

साल 2022 – 15

साल 2021 – 08

साल 2020 – 14

साल 2019 – 04

साल 2018 – 22