
Mumbai News. विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने भाजपा नेता मोहित कंबोज के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। दानवे ने कहा कि राज्य के जलसंसाधन विभाग कंबोज चला रहे हैं। कंबोज के बिना जलसंसाधन विभाग में पत्ता भी नहीं हिलता है। गुरुवार को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान दानवे ने कहा कि राज्य के जलसंसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कपूर हैं। लेकिन कपूर कंबोज को बताए बिना पानी भी नहीं पीते हैं। दानवे ने कहा कि जलसंसाधन विभाग में सिंचाई और पानी समेत विभिन्न समस्याएं हैं। लेकिन जलसंसाधन विभाग के सभी फैसले कंबोज करते हैं। मैं नहीं जानता हूं कि राज्य के जलसंसाधन विभाग के मंत्री को इस बारे में पता भी है अथवा नहीं? दानवे ने कहा कि सरकार को कंबोज और कपूर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच करनी चाहिए। दानवे ने कहा कि मैंने राज्य के जलसंसाधन (विदर्भ, तापी, कोंकण विकास महामंडल) मंत्री गिरीश महाजन और जलसंसाधन (गोदावरी और कृष्णा घाटी विकास महामंडल) मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटील के खिलाफ कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया है। सरकार को मेरे आरोपों की जांच करनी चाहिए। इस बीच भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने कहा कि कंबोज को लेकर दानवे ने जो कहा है उसको सदन के कामकाज के रिकॉर्ड से हटा देना चाहिए। इसके जवाब में दानवे ने कहा कि क्यों हटाया जाए? मैं अपने बयानों पर कायम हूं।
कंबोज आपके दामाद हैं क्या ?
सदन में दानवे के आरोप लगाने के बाद भाजपा सदस्य प्रसाद लाड ने उनसे सवाल किया। लाड ने पूछा कि विपक्ष के नेता कंबोज पर आरोप लगा रहे हैं लेकिन उनके पास आरोपों पर सबूत क्या है? सदन में सभापति के अनुमति के बिना दानवे किसी का नाम लेकर आरोप नहीं लगा सकते हैं। इसके जवाब में दानवे ने लाड से कहा कि कंबोज आपके दामाद हैं क्या? मेरे पास उनके खिलाफ सबूत हैं। इसलिए सदन में जिम्मेदारी से यह आरोप लगा रहा हूं। दानवे ने कहा कि मैं दोनों सदनों के सदस्यों के अलावा बाहर के किसी भी व्यक्ति का नाम लेकर आरोप लगा सकता हूं। इस पर लाड ने कहा कि आप सबूतों को सदन के पटल पर रखिए। इससे नाराज दानवे ने कहा कि आप मेरे से सबूत मांगने वाले कौन हैं? यदि सदन में तालिका सभापति चित्रा वाघ मुझसे सबूत मांगेंगी तो मैं उसको सदन में पेश करूंगा।
मैं आगे गया तो फिर लफड़ा हो जाएगा
इस दौरान सत्तारूढ़ सदस्य दानवे का विरोध करने लगे। इस पर दानवे ने कहा कि कंबोज कौन से काम में क्या-क्या किया है? मैं सदन में ही बता दूं क्या? मैं आगे बढ़ गया तो फिर लफड़ा हो जाएगा। दानवे ने कहा कि जलसंसाधन विभाग के कामों में कोई मंत्री अथवा अधिकार हस्तक्षेप करेगा तो मैं समझत सकता हूं। भाजपा के स्थानीय नेता किसी काम के लिए कहता है तो भी बात समझ में आती है। लेकिन कंबोज का जलसंसाधन विभाग से क्या संबंध हैं?