कौन थीं कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल? जिनकी लाश सूटकेस में मिलने से गरमाई हरियाणा की सियासत

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में आज नगर निकाय और नगर निगम चुनाव के लिए मतदान किया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को रोहतक के सांपला बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल (22) का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक हिमानी का शव एक सूटकेश में था।

कांग्रेस कार्यकर्ता की बॉडी सफेद सूट में थी, उनके गले पर काली चुनरी लिपटी हुई थी और हाथों में मेहंदी थी। पुलिस के अनुसार, हिमानी 3 दिन से लापता थी और किसी शादी में गई थी। एसएचओ ने बताया कि नेशनल हाईवे नंबर-9 पर रोहतक से रोहद टोल प्लाजा तक 25 किलोमीटर के इलाके में ही हत्यारों की तलाश में होटल व ढाबों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस हिमानी के मकान से लेकर सांपला बस स्टैंड तक रास्ते में पड़ने वाले सभी सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

कौन थीं हिमानी नरवाल?

हिमानी सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली थीं। वह रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों में शामिल होती थीं। इसके साथ ही वह सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति देने के लिए जानी जाती थीं। उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी देखा गया था।

गरमाई सियासत

हिमानी नरवाल की हत्या के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर नायब सैनी सरकार पर निशाना साधा गया है। पार्टी की महिला विंग ने कहा, “हरियाणा में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल जी की निर्मम हत्या की खबर बेहद हृदयविदारक है। एक बेटी का इस तरह से शव सूटकेस में मिलना न सिर्फ दुखद है, बल्कि यह राज्य की कानून-व्यवस्था की भयावह सच्चाई को भी उजागर करता है। बीजेपी की डबल इंजन सरकार सिर्फ खोखले दावे करने में व्यस्त है, जबकि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा लगातार खतरे में है। हम हरियाणा सरकार से मांग करते हैं कि हिमानी नरवाल जी के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार कर उन्हें कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में किसी बेटी को इस तरह की बर्बरता का शिकार न होना पड़े। ईश्वर हिमानी जी के परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे।”

मामले की हो उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने हिमानी नरवाल की हत्या पर शोक जताते हुए कहा कि रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि व परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है। यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है। इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय व दोषियों को कठोरतम दंड दिलाए।

वहीं इस मामले पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘रोहतक में कांग्रेस पार्टी की संघर्षशील कार्यकर्ता बहन हिमानी नरवाल की हत्या की खबर ने झकझोर दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री उड़न खटोले पर सवार अहंकार में चूर हैं। सरकार से मांग हैं कि अपराधियों को अविलंब पकड़ कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भगवान से प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करें।’