उत्तराखंड के चमोली में भीषण हिमस्खलन, 57 मजदूर आए टूटे ग्लेशियर की चपेट में, चल रहा था सड़क बनाने का काम, रेस्क्यू अभियान जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड के चमोली में शुक्रवार को भारी हिमस्खलन देखने को मिला। हादसा माणा गांव में हुआ है। यहां हिमस्खलन के चलते 57 लोग बर्फ के नीचे दब गए। जिसमें से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, अभी भी 47 मजदूरों की तलाश जारी है।

घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन, बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन), आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) और गढ़वाल स्काउट की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। तेजी से राहत एवं बचाव का काम जारी है। माणा गांव में जब हिमस्खलन हुआ, तब बड़ी संख्या में मजदूर वहां काम कर रहे थे। ये सभी मजदूर बीआरओ के एक ठेकेदार के अंदर में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ का एक बड़ा सा हिस्सा तेजी से नीचे गिरा और चारों ओर अफरातफरी का माहौल मच गया। जिसके चपेट में 57 मजदूर आ गए। जिस इलाके में हिमस्खलन हुआ है, वहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। चमोली के माणा स्थित बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) के कैंप के पास ग्लेशियर फटने से यह बड़ा हादसा हुआ। 

पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने बताया- बार्डर इलाके माणा में सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप के पास भीषण हिमस्खलन हुआ है। जिसकी चपेट में आकर 57 मजदूर फंस गए। इनमें से 10 मजदूरों को बचा लिया गया है। हालत गंभीर होने के चलते इन्हें माणा के पास आर्मी के कैंप में भेज दिया गया है। इस बीच, BRO(सीमा सड़क संगठन) के अधिशासी अभियंता CR मीना ने बताया कि मौके पर 57 मजदूर मौजूद हैं। तीन से चार एंबुलेंस भी भेजी गई हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सीएम धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।

चमोली जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने माणा के सीमांत क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन कैंप के पास हुए हिमस्खलन पर कहा- हमें सुबह हिमस्खलन की सूचना मिली थी कि वहां बर्फ हटाने का काम करने वाले BRO(सीमा सड़क संगठन) के लगभग 57 मजदूर फंस गए हैं। ITBP, BRO, आर्मी और पुलिस की टीम संगठित हो चुकी है। सभी लोग संपर्क में हैं। हम आशा करते हैं कि हमारी टीम जल्द वहां पहुंचेगी और हम अपना संचार स्थापित कर पाएंगे।