
Chhindwara News: पिछले तीन दिनों से चल रही प्रदेश व्यापी गिद्धों की गणना के क्रम में वनवृत्त छिंदवाड़ा में भी गणना हुई। 17 से 19 फरवरी तक तीनों दिवस की गणना का अवलोकन करने के बाद इस वर्ष की गणना अनुसार वन वृत्त छिन्दवाड़ा के अंतर्गत 116 गिद्धों की संख्या पाई गई है। यदि बीते वर्ष की बात करे तो यह संख्या महज 81 थी लेकिन इस गणना में अब 35 गिद्धों की संख्या में वृद्धि हुई है। पूर्व वनमंडल में 67 और पश्चिम वनमंडल 49 गिद्ध पाए गए है जबकि दक्षिण वनमंडल में एक भी गिद्ध नहीं मिला है।
ऐसी हुई गणना
17 फरवरी- प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना के प्रथम चरण में जिले के अंतर्गत वनक्षेत्रों में प्रथम दिवस 17 फरवरी को तीनों वनमण्डलों की गणना में पश्चिम छिन्दवाड़ा वनमंडल के परिक्षेत्र तामिया एवं पूर्व वनमंडल के परिक्षेत्र छिन्दी, अमरवाड़ा, पूर्व हर्रई, पश्चिम हर्रई एवं पश्चिम बटकाखापा में विभिन्न प्रजाति के 85 वयस्क तथा 7 अवयस्क गिद्ध कुल 92 गिद्ध पाए गए। जिसमें विभिन्न प्रजाति के लांग बिल्ड इंडियान देशी गिध्द 84, सफेद या इजिप्शियन गिद्ध 8 पाए गए।
18 फरवरी- इसी तरह गणना के द्वितीय दिवस 18 फरवरी को विभिन्न प्रजाति के 89 वयस्क तथा 5 अवस्क गिद्ध कुल 94 गिद्ध पाए गए, जिसमें लांग बिल्ड इंडियान देशी गिध्द.84, सफेद पीठ या व्हाईट बैक्ड गिद्ध 8, यूरेशियन ग्रिफन 2 पाए गए।
19 फरवरी- तीसरे दिन 19 फरवरी को विभिन्न प्रजाति के 102 वयस्क तथा 14 अवस्क गिद्ध कुल 116 गिद्ध पाए गए। इसमें भी लांग बिल्ड इंडियान देशी गिध्द.108, सफेद पीठ या व्हाईट बैक्ड गिद्ध 6, इजिप्शियन गिद्ध 2 पाए गए।
इनका कहना है
तीन दिनों तक चली गिद्धों की गणना के बाद वनवृत्त छिंदवाड़ा में 116 गिद्ध पाए गए है। पूर्व वनमंडल में 67 और पश्चिम वनमंडल में 49 गिद्ध पाए गए है।
– एच.एस.बघेल, एसडीओ, पश्चिम वनमंडल