सफाई मुद्दे को लेकर हुआ बवाल, प्रवेश वर्मा ने कान पकड़े हुए केजरीवाल के पोस्टर को यमुना में लगवाई डुबकी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति काफी ज्यादा गर्माई हुई है। कई सारे नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इन सबके बीच शनिवार को नई दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने यमुना के सफाई मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के पोस्टर को यमुना नदी में डुबकी लगवा दी थी। इस पोस्टर पर केजरीवाल अपने कान पकड़े हुए नजर आ रहे थे। इस पोस्टर पर केजरीवाल अपने कान पकड़े हुए नजर आ रहे थे और पोसटर पर लिखा था कि, ‘मैं फेल हो गया, मुझे वोट मत दो।’

यमुना की स्वच्छता को लेकर बवाल

प्रवेश वर्मा ने यमुना की स्वच्छता को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि, अगर वह यमुना साफ नहीं कर पाए तो दिल्ली की जनता उन्हें वोट न दें। प्रवेश वर्मा ने कहा है कि केजरीवाल फिर कभी सीएम नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा है कि, तिहाड़ से जमानत पर रिहा हुए सभी मंत्री अभी भी आरोपी हैं और फिर से जेल जा सकते हैं। इसलिए उन्होंने दिल्ली की जनता से बीजेपी को वोट देने की अपील की है। जिससे दोनों सरकार मिलकर काम कर पाएं।

यमुना साफ करना नहीं है रॉकेट साइंस

प्रवेश वर्मा ने कहा है कि, ‘हम यमुना मैया का सारा पानी साफ कर सकते हैं। इसे साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। सारा गाद मशीनों से हटाना है। इसके अलावा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने चाहिए, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनने चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी का उदहारण देते हुए कहा कि, ‘जैसे हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने साबरमती रिवरफ्रंट बनाया, वैसे ही यमुना रिवरफ्रंट भी बनाया जा सकता है। 11 साल बहुत लंबा समय होता है।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘अरविंद केजरीवाल बार-बार कहते थे कि वह यमुना साफ करेंगे, अगर मैं इसे साफ नहीं कर पाया तो दिल्ली के लोगों को मुझे वोट नहीं देना चाहिए।’