
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अभिनेता सैफ अली खान पर गुरुवार के तड़के एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इस बीच अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- बंगाल की कानून व्यवस्था किसी भी अन्य हिस्से से बेहतर है। लेकिन हर राज्य की अपनी समस्याएं हैं, उनकी अपनी स्थिति है। मैंने अपने ट्वीट में सैफ अली खान का जिकर किया है। यह बहुत चौंकाने वाली घटना है।
दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए- ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। हम चाहते हैं कि न्याय हो। यहां तक कि शाहरुख की जान को भी कई बार खतरा हो चुका है, सलमान की भी। जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
मामले की जांच जारी
वहीं, इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक्टर पर हमला करने वाले हमलावर की भी पहचान हो गई है। उसकी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। जो कि उनके हमला करने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतरते समय की है। मुंबई पुलिस ने उसकी फोटो जारी की है।
सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी पत्नी अभिनेत्री करीना कपूर खान का मैसेज आया है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मीडिया और पैपराजी को फिलहाल इस मामले में कवरेज करने से मना किया है। करीना ने अपने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है। वहीं एक्ट्रेस ने अपने बयान में सैफ अली खान के फैंस को उनके स्वस्थ होने की दुआ करने के लिए शुक्रिया अदा किया है।