
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होने है। लेकिन, इससे पहले आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग का स्तर गिरता जा रहा है। सूबे में दोनों ही दलों एक दूसरे पर जमकर वार पलटवार कर रहे हैं। इस क्रम में शुक्रवार को आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा पलटवार किया है। दरअसल, उन्होंने कालकाजी सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। आप सांसद ने हाल ही में अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी करने पर पलटवार करते हए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अरविंद केजरीवाल की टॉयलेट के बाहर नहीं निकल पा रही है।
संजय सिंह ने भाजपा पर बोला हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने कहा, “हम लोग पार्टी के चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। हमारे कार्यकर्ता सबसे पहले जमीन पर उतरे। उन्होंने हमारी योजनाओं को घर-घर जाकर बताया। दो बड़ी घोषणाएं जो लागू होने वाली हैं। महिला सम्मान राशि 2100 और बुजुर्गों के इलाज का पूरा इंतजाम. हम अपनी योजनाओं की बात कर रहे हैं।”
आप सांसद ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी दुष्प्रचार करने में लगी है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अरविंद केजरीवाल की टॉयलेट में फंसी हुई है। वे केजरीवाल की टॉयलेट से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कभी कह रहे हैं सोने की सीट है। कभी कह रहे हैं स्वमिंग पूल है। कभी कहते हैं मिनी बार है। ये तो बताओ दिल्ली में करोगे क्या। इसकी चर्चा के लिए वे तैयार नहीं है।”
भाजपा पर आरोपों को लेकर कही ये बात
इस दौरान आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर वोटिंग लिस्ट के साथ फर्जीवाड़ा करने के आरोप पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “89 लोगों ने करीब 4800 लोगों के नाम कटवाने के लिए चुनाव आयोग में अर्जी दी। जब हमने चुनाव आयोग से इन ऑब्जेक्टर को बुलाने के लिए कहा. तो खुद चुनाव के अधिकारियों ने ऑब्जेक्ट्स को बुलाया। कई नोटिस के बाद उसमें से 18 लोग आए बाकी लोग आए भी नहीं और 18 के 18 लोगों ने कहा हमने तो इनका नाम कटवाने के लिए कोई एप्लीकेशन नहीं दी। ये इतना बड़ा फ्रॉड चल रहा है। 15 दिन में अचानक 13 हजार नए वोट आ गए।”