सर्दी में तापमान हुआ औसत से भी अधिक, पारे को गिरने से बादलों ने रोका

Nagpur News. बादल छाए रहने से तापमान चढ़ा हुआ है। तापमान औसत से अधिक होने से सर्दी के मौसम में भी गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान औसत से अधिक बना हुआ है। शनिवार को न्यूनतम तापमान औसत से 7 डिग्री अधिक रहा। वातावरण में नमी होने से हवा का रुख भी बदला हुआ है। दक्षिण-पूर्वी हवा आ रही है, जो ठंडी नहीं होती। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

दो दिन में बदलेगा मौसम का मिजाज : उत्तर भारत में पश्चिम विक्षोभ बन रहा है। रविवार से इसका थोड़ा-थोड़ा असर दिखाई देगा। हवा की दिशा बदलेगी। उत्तर से सर्द हवा आएगी। दो दिन में मौसम का मिजाज बदलेगा। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे कमी दर्ज की जाएगी।