
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। गुरुवार को दिल्ली एम्स में उन्हें भर्ती कराया गया था। 92 साल के सिंह को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में एमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली के एम्स पहुंच गई हैं। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे आज रात ही कर्नाटक से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि, डॉ मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 के बीच भारत के पीएम रहे। इससे पहले वह देश के वित्त मंत्री और वित्त सचिव पद पर भी रहे। वह भारत के 14वें प्रधानमंत्री थे। उन्होंने नरसिम्हा राव सरकार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दौरान उन्होंने LPG लागू करने में अहम भूमिका निभाई।
रॉबर्ट वाड्रा ने ट्वीट किया, ” प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। हमारे राष्ट्र के प्रति आपकी सेवा के लिए धन्यवाद। देश में आपके द्वारा लाई गई आर्थिक क्रांति और प्रगतिशील बदलावों के लिए आपको हमेशा याद किया जाएगा।”
