11 साल पहले आया था बहुरूपिया फर्जीवाल, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने केजरीवाल पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानशभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच सदर बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजीरीवाल ने केवल काम करने का दिखावा किया। 

केजरीवाल पर साधा निशाना 

जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में 11 साल पहले एक बहुरूपिया फर्जीवाल आया, उसने लोगों को विश्वास दिलाया कि वो बेहतर दिल्ली बनाएगा और उसी भावना में बहकर जनता ने केजरीवाल को चुना। लेकिन जिस केजरीवाल ने भ्रष्टाचार खत्म करने, लोकपाल लाने का वादा किया था, उस केजरीवाल ने काम के नाम पर सिर्फ दिखावा किया।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की दिक्कतों को भूलकर सिर्फ अपना और अपने साथियों का भला करने में ध्यान लगाया और विलासिता में डूबकर जनता के साथ अन्याय किया। जो दिल्ली पूरे देश को दिशा दिखाती है, वो आज दिशाहीन हो गई है। आज नेता जी का महल तो है, लेकिन जनता दर-बदर है। जो दिल्ली कभी खुशहाल थी, वो आज बदहाल है।

राज्य में सियासत गर्म

दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। जिसके नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। राज्य में बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीधी टक्कर है। मामला त्रिकोणीय भी है, ऐसे में तीनों पार्टी लगातार अपनी चुनावी तैयारी में जुटी है। राज्य में बीते दस साल से आम आदमी पार्टी की सरकार है। ऐसे में आप के खिलाफ तैयार हुए एंटी इनकंबेंसी का फायदा बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही उठाना चाहती है। हालांकि, इस चुनावी रणनीति में जनता के किस साथ रहती है, यह 8 फरवरी को साफ हो जाएगा।