हरियाणा सरकार की तरफ से विनेश फोगाट को मिले ऑफर से नहीं हुईं खुश, तो रणवीर गंगवा ने दे डाली नसीहत!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा सरकार की तरफ से पूर्व पहलवान और कांग्रेस की नेता विनेश फोगाट को ओलंपिक मेडलिस्ट वाला इनाम देते हुए चार करोड़ रुपए दिए गए हैं। विनेश फोगाट ने ऑफर एक्सेप्ट कर लिया लेकिन उनको इससे संतुष्टि नहीं हुई थी। हरियाणा सरकार की तरफ से उनको तीन में से एक सुविधाएं चुनने के लिए बोला गया था। उसमें से वो चार करोड़ रुपए को चुन सकती थीं या एक सरकारी जमीन, सरकारी नौकरी शामिल थीं। इसमें से विनेश फोगाट को दो सुविधाएं चाहिए थीं। जिसको लेकर ही लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा की तरफ से प्रतिक्रिया दी गई है। 

रणबीर गंगवा का क्या है कहना?

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा का कहना है कि, विनेश फोगाट को खेलों में राजनीति नहीं करनी चाहिए। मंत्री रणबीर गंगवा का कहना है कि, ‘विनेश ओलंपिक में डिस्क्वालिफाई हुई थीं, तब भी हरियाणा सरकार ने उनको सम्मान दिया है। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट को सम्मान देना नियम के मुताबिक बनता नहीं है, लेकिन सीएम नायब सिंह सैनी ने जुबान दी थी तो उसको पूरा करके दिखाया गया है।’

रणबीर गंगवा ने आगे कहा कि, दादरी में नेशनल सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे थे, वहां पर उन्होंने कहा था कि, सरकार ने स्पेशल कैबिनेट मीटिंग में विनेश फोगाट को सम्मान देने का फैसला भी लिया था। विनेश को पहले ऑफर दिया गया था जिसको अब पूरा भी किया गया है। रणबीर गंगवा का कहना था कि, हरियाणा की खेल नीति के चलते ही खिलाड़ी विदेशों में कमाल कर पा रहे हैं। सरकार की तरफ से खिलाड़ियों को सुख सुविधाएं दी जा रही हैं। ओलंपिक में आधे से ज्यादा मेडल हरियणा के पास ही आए हैं। 

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

लोक निर्माण मंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि, ‘कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि अलग-अलग गुटों में बंटी है। विचारों में एकता नहीं है इसलिए गुटबाजी में बंटी हुई है। यही वजह है कि अब तक नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बन पाया है। सरकार के कार्यों में उंगली उठाने वाला कोई भी विपक्षी नहीं बचा है।’