स्वीडन के ओरेब्रो शहर में एक स्कूल पर गोलीबारी, हमले में 5 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, ओरेब्रो। स्वीडन की ओरेब्रो सिटी में एक स्कूल पर हमला हो गया। स्कूल पर हुए फायरिंग में पांच लोगों को गोली लगने की खबर है।  पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वीडन में वयस्क शिक्षा केंद्र में पांच लोगों को गोली लगी। स्कूल स्टॉकहोम से लगभग 200 किमी (125 मील) पश्चिम में मौजूद है।

घटना के बाद मौके से सामने आए वीडियो में भारी संख्या में पुलिस बल और अन्य आपातकालीन वाहन दिखाई दे रहे हैं। गोलीबारी की वारदात में छात्रों के घायल होने की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हमले के पीछे की वजह क्या है, पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अभी खतरा टला नहीं है , लोगों को  स्कूल से दूर रहने को कहा गया है। फायरिंग करने वाले हमलावर को पुलिस ने पकड़ा है या नहीं इसकी पुलिस ने अभी तक किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी।  स्कूल के छात्रों को पास की इमारतों में शरण दी जा रही है। गोलीबार के बाद स्कूल के अन्य हिस्सों को खाली करा लिया गया। स्वीडिश समाचार एजेंसी टीटी ने दावा किया है कि गोलीबारी की वारदात के बाद अपराधी ने मौके पर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।

स्वीडन के न्याय मंत्री गुन्नार स्ट्रोमर ने एक स्वीडिश न्यूज एजेंसी से कहा ओरेब्रो में हिंसा की खबरें बहुत गंभीर हैं। पुलिस गोलीबारी के घटना स्थल पर है। सरकार पुलिस के साथ संपर्क में है। सुरक्षा अधिकारी और सरकार घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।