सीएम मोहन यादव ने बजट को बताया ऐतिहासिक, शिवराज सिंह भी खुश, लेकिन कांग्रेस ने किया जमकर विरोध, जानें किसने क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार (12 मार्च) को वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। बजट पेश होने के बाद कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस बजट को ऐतिहािक बजट बताया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बजट विकास को बढ़ावा देगा। वहीं, कांग्रेस विधायक सचिन यादव बजट से खुश नजर नहीं आ रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने जो अपने घोषणापत्र में लिखा था उन वादों को बजट में पूरा नहीं किया गया है।

सीएम ने बताया ऐतिहासिक बजट

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपए का अब तक का ऐतिहासिक बजट है, जिसमें सभी वर्गों के लिए पर्याप्त धनराशि रखी गई है। यह मध्य प्रदेश में विकास के लिए सभी द्वार खोलेगा।

शिवराज सिंह की प्रतिक्रिया

मध्य प्रदेश बजट पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित मध्य प्रदेश का बजट है। यह बजट राज्य के विकास और जनकल्याण को नई गति दे रहा है और एक नई दिशा भी दे रहा है। एक तरफ बुनियादी ढांचे के लिए पर्याप्त प्रावधान किया गया है। वहीं दूसरी तरफ कृषि और निवेश को बढ़ाने के लिए इस बजट में सभी प्रयास किए गए हैं। 

धर्मेंद्र सिंह लोधी ने की बजट की तारीफ

मध्य प्रदेश के बजट पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि बजट में गरीबों, किसानों समेत सबकी बात की गई है, यह सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला बजट है। मध्य प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से कैसे आगे बढ़े, इस पर हमने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।  यह अपने आप में अच्छा बजट है, यह मध्य प्रदेश को आगे ले जाने वाला बजट है।

मध्य प्रदेश के बजट पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि ज्ञान पर पूरा ध्यान दिया गया है, यह विकास और कल्याण का निरंतर अभियान है। अगर प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है तो हर राज्य को इसमें योगदान देना होगा। मध्य प्रदेश का बजट उसी योगदान के संकल्प के साथ आया है।

कांग्रेस का निशाना

कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने मध्य प्रदेश बजट पर कहा, “पिछले 18 सालों से हम एक ही भाषण सुन रहे हैं। एक ही नारे सुन रहे हैं। मध्य प्रदेश की जनता को इससे ज्यादा उम्मीद नहीं है। सरकार ने बजट में अपने घोषणापत्र में किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। यह बहुत ही दिशाहीन बजट है।