‘सरदार पटेल से लेकर नरसिम्हा राव तक सभी का किया अपमान, मनमोहन सिंह को भी नहीं बख्शा’, राहुल के आरोप पर बीजेपी का पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक को लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। इस बीच राहुल गांधी ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता के इन आरोपों पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता ने कांग्रेस निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस ने सरदार पटेल से लेकर नरसिम्हा राव तक सबका अपमान किया। राहुल गांधी ने तो मनमोहन सिंह को भी नहीं छोड़ा।

मोदी कैबिनेट ने किया स्मारक बनाने का फैसला

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संबित पात्रा ने कहा, “एक पुण्य हुतात्मा के निधन पर जब पूरा राष्ट्र शोक मना रहा है, उस समय भी राहुल गांधी और गांधी परिवार अपनी राजनीति से बाज नहीं आ रहा है। यही कांग्रेस और गांधी परिवार की राजनीति है। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव का अपमान किया था। डॉ. मनमोहन सिंह का कद बहुत बड़ा है। राहुल गांधी ने तो मनमोहन सिंह का भी अपमान किया था। यहीं नहीं कांग्रेस ने तो अटल बिहारी वाजपेयी का भी अपमान किया। कांग्रेस पार्टी मनमोहन सिंह पर भ्रामक प्रचार कर रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्मारक स्थापना का फैसला किया है।”

मनमोहन सिंह का तहे दिल से सम्मान करती है बीजेपी

बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान का दिल से सम्मान करते हैं, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को कांग्रेस की ओर से वह अंतिम संस्कार क्यों नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार हैं। भाटिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “मेरी बहन प्रियंका, डॉ. मनमोहन सिंह देश का गौरव हैं और देश का हर नागरिक, खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और हम भाजपा के लोग, देश के लिए उनके योगदान का तहे दिल से सम्मान करते हैं।”

क्या थे राहुल के आरोप?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए।