
डिजिटल डेस्क, पटना। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा बिहार के सीएम नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को अलविदा यात्रा कहने पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भड़क गए। उन्होंने आरजेडी नेता पर पटलवार करते हुए कहा कि वे विधवा विलाप कर रहे हैं।
ललन सिंह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार की यात्रा के साथ अपार जन समर्थन दिखाई दे रहा है। नीतीश कुमार केवल बोलते नहीं हैं, जो कहते हैं वो करते भी हैं।
कांग्रेस ने किया अंबेडकर का अपमान
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो कांग्रेस जो आज अंबेडकर को लेकर देश भर में प्रदर्शन कर रही है। उसने कभी बाबा साहेब का समर्थन नहीं किया, हमेशा उनका अपमान ही किया है। वहीं नीतीश कुमार के एनडीए और बीजेपी से नाराज चलने की बात पर वो कोई प्रतिक्रिया दिए बगैर ही चले गए।
तेजस्वी के नीतीश की यात्रा पर तंज कसने को लेकर जेडीयू सांसद संजय झा ने भी निशाना साधा था। उन्होंने आरजेडी नेता पर पलटवार करते हुए कहा कि ये जनता तय करेगी कि अलविदा किसे कहना है। जो बोल रहे हैं उनका (राजनीतिक करियर का) शिखर 2020 में आ गया, अब वे नीचे ही जाएंगे। लोकसभा चुनाव के परिणाम सामने हैं, उपचुनाव के परिणाम सामने है। उन्होंने आगे कहा कि पिछली के विधानसभा चुनाव में कुछ भ्रम के चलते उन्हें फायदा मिल गया था। उनकी सीमा 20, 25 या 30 सीटों से ज्यादा नहीं है। बिहार की जनता 2025 में इसे साबित करेगी।
बता दें कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के पहले चरण की शुरूआत 23 दिसंबर से की है। यह यात्रा 28 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद अगले साल जनवरी में वे दूसरे चरण की यात्रा करेंगे। जो कि 4 जनवरी से 13 जनवरी के बीच होगी। वैसे तो बिहार विधानसभा चुनाव में अभी 1 साल का समय बचा है लेकिन राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं।