विमान में फिर सामने आया पेशाब कांड, दिल्ली से बैंकॉक जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में शख्स ने बगल के पैसेंजर पर की पेशाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2022 में हुआ पेशाब कांड तो सबको याद ही होगा। जिसमें न्यूयार्क से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में नशे में धुत एक व्यक्ति ने महिला पर पेशाब कर दी थी। ऐसा ही एक मामला बुधवार (09 अप्रैल) को सामने आया है। जहां दिल्ली से बैंकॉक जा रहे एअर इंडिया के विमान में एक शख्स ने बगल में बैठे पैसेंजर पर पेशाब कर दी।

इस घटना के बारे में एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, घटना 9 अप्रैल की है। केबिन क्रू ने बताया कि दिल्ली-बैंकॉक फ्लाइट (AI2336) में एक पैसेंजर ने नियम के खिलाफ बर्ताव किया। मामले को डायरेक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के अफसरों को बता दिया गया है। वहीं, मामले पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि यदि कुछ भी गलत हुआ है तो हम एक्शन जरूर लेंगे।

एअर इंडिया की ओर से इस मामले में कहा गया कि क्रू ने सारे नियम-कायदे फॉलो किए और इसके बाद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। आरोपी शख्स को चेतावनी भी दी गई है। इसके साथ ही क्रू ने पीड़ित यात्री को बैंकॉक में अधिकारियों के सामने शिकायत उठाने में हेल्प करने की पेशकश की, जिससे उसने मना कर दिया।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि घटना की जांच करने और आरोपी के खिलाफ एक्शन तय करने के लिए एक स्वतंत्र स्टैंडिंग कमेटी का गठन किया जाएगा। बता दें कि 2022 को हुए पेशाब कांड को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और डीजीसीए को गाइडलाइंस बनाने का निर्देश पिछले साल 26 नवंबर में दिया था। कोर्ट ने कहा था कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटें इसके लिए जरुरी कदम उठाने की आवश्यकता है।

बता दें कि 26 नवंबर 2022 को न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में नशे में धुत शख्स ने एक महिला पर पेशाब की थी। इस घटना पर पहले तो एयरलाइन की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद पीड़ित बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन से इसकी शिकायत की। इसके बाद एअर इंडिया के अफसर एक्टिव हुए और दिल्ली में एफआईआर दर्ज कराई। घटना के 42 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। हालांकि उसे जनवरी 2023 में ही दिल्ली की एक अदालत से आरोपी शंकर मिश्रा को जमानत मिल गई थी।