
Jalgaon News. जिले के भड़गांव कस्बे में लू लगने से 13 वर्षीय लड़के की तबियत बिगड़ी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना बुधवार को घटी। लगातार दो दिनों से जलगांव के तापमान में काफी वृद्धि हुई है। लू के थपेड़ों से नागरिक परेशान हैं। बुधवार का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि लड़के की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया और चिकित्सा उपचार के दौरान लड़के की मौत हो गई। डॉक्टर ने बताया कि दिनेश की मौत हीटस्ट्रोक के कारण हुई है। दिनेश कक्षा 7 वीं में पढ़ता था।
जिला अस्पताल में ऊष्मा घातक कक्ष की व्यवस्था
शहर में बढ़ती गर्मी के कारण सड़कों पर भी यातायात कम ही नजर आ रहा है। सुबह से ही सूरज की तपिश से लोग परेशान हो रहे हैं। भूजलस्तर दिन-प्रतिदिन घटता जा रहा है। कुएं और झीलें सूख रही हैं। पानी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। वहीं, जिला अस्पताल में ऊष्मा घातक कक्ष बनाया गया है, जिसमें 6 बेड नागरिकों के लिए, तो 4 बैड बच्चों के उपलब्ध कराए गए हैं,ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो। जिले में लू के थपेड़ों से नागरिक सहित पशु- पक्षी परेशान नजर आ रहे हैं।
परभणी का तापमान पहुंचा 43 डिग्री पार, आम नागरिक बेहद परेशान
उधर परभणी में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार, 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों में करीब 2 से 3 डिग्री की और तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में इस सप्ताह तापमान 44 या 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका व्यक्त की जा रही है। बढ़ते तापमान से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 11 बजे के बाद घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो रहा है। नागरिकों घरों में सुबह 9 बजे से कूलर जमकर कर चल रहे हैं। बीच-बीच में बिजली कटौती के कारण नागरिक उमस से परेशान दिखाई दे रहे हैं। बाजार में दोपहर को सन्नाटा छा जा रहा है। वहीं, शाम 6 बजे के बाद ही बाजार में चहल पहल दिख रही है, जो कि देर रात चल रही है। बढ़ते तापमान को लेकर नागरिक शीतपेय का सेवन कर रहे हैं। बच्चे मलाई कुल्फी और बर्फ के गोले खाते नजर आ रहे हैं। शहर में लोगों को के लिए जगह-जगह प्याऊ सेवा शुरू की गई है। विवि के मौसम संभाग ने और तापमान में वृद्धि बताने से जनता में डर का माहौल निर्माण किया है। वहीं, बाजार में 175 से 200 रुपए तक के मिट्टी के घड़े उपलब्ध हैं।